कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी को लेकर भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने एक नई राजनीतिक बहस छेड़ दी है। दुबे ने ऐलान किया है कि वह सोनिया गांधी के राजनीतिक जीवन और उनसे जुड़े विवादों पर एक किताब लिखेंगे। इस किताब में मारुति कंपनी से लेकर बोफोर्स मामले तक का जिक्र होगा। भाजपा सांसद ने किताब के लिए ऐसे 10 सवाल भी सामने रखे हैं, जिनके जरिए वह गांधी परिवार और कांग्रेस के इतिहास से जुड़े कई विवादों को उठाना चाहते हैं।
निशिकांत दुबे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि उनकी किताब केवल किसी व्यक्ति पर हमला करने के मकसद से नहीं लिखी जाएगी, बल्कि इसमें सोनिया गांधी की राजनीतिक यात्रा का विस्तार से जिक्र होगा। उन्होंने अपने अंदाज में कहा कि यह कोई ‘हिट जॉब’ नहीं होगी। हालांकि, उनके सवालों ने राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज कर दी है।
मारुति से नेशनल हेराल्ड तक उठेंगे सवाल
दुबे की प्रस्तावित किताब में सबसे अहम मुद्दा मारुति कंपनी से जुड़ा होगा। भाजपा सांसद ने सवाल उठाया है कि सोनिया गांधी कथित तौर पर मारुति से कैसे जुड़ीं और कंपनी में उनकी क्या भूमिका थी? उन्होंने दावा किया कि सोनिया गांधी मारुति टेक्निकल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड की प्रबंध निदेशक और 50 प्रतिशत हिस्सेदार थीं। दुबे ने उस समय उनकी नागरिकता और कंपनी में पद को लेकर भी सवाल उठाए हैं।
इसके अलावा किताब में नेशनल हेराल्ड मामले को भी शामिल किया जाएगा। दुबे जानना चाहते हैं कि नेशनल हेराल्ड का अधिग्रहण किस तरह हुआ और इसके पीछे क्या परिस्थितियां थीं।
उन्होंने 2004 से 2014 के बीच यूपीए सरकार के दौरान सोनिया गांधी की राजनीतिक भूमिका पर भी सवाल उठाया है। उनका आरोप है कि उस समय सोनिया गांधी की सत्ता में भूमिका प्रधानमंत्री से भी अधिक प्रभावशाली थी।
बोफोर्स और गांधी परिवार के रिश्तों पर भी चर्चा
दुबे की सूची में बोफोर्स विवाद भी शामिल है। उन्होंने सवाल उठाया है कि इस मामले की असली कहानी क्या थी और इसके पीछे किन लोगों की भूमिका थी। इसके अलावा वह मेनका गांधी और सोनिया गांधी के बीच कथित मतभेदों की वजह भी अपनी किताब में तलाशने की बात कह रहे हैं।
पूर्व प्रधानमंत्री नरसिम्हा राव और सोनिया गांधी के बीच संबंधों में आई तल्खी तथा 1999 में कांग्रेस के भीतर सोनिया गांधी को किस नेता ने धोखा दिया, यह भी किताब के संभावित विषय होंगे।
राहुल या प्रियंका, किसे ज्यादा पसंद करती हैं सोनिया?
निशिकांत दुबे ने एक दिलचस्प सवाल यह भी उठाया है कि राजनीतिक रूप से सोनिया गांधी राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा में से किसे अधिक पसंद करती हैं। इसके अलावा उन्होंने चीन ओलंपिक के दौरान सोनिया गांधी की यात्रा और पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सीताराम केसरी की धोती से जुड़े विवाद का भी जिक्र किया है।
सोनिया गांधी की किताब के बाद बढ़ी सियासी गर्मी
निशिकांत दुबे का यह ऐलान ऐसे समय आया है, जब सोनिया गांधी की संस्मरण पुस्तक ‘Belonging: A Journey of Love’ को लेकर राजनीतिक चर्चा जारी है। 10 नवंबर को प्रकाशित इस किताब के बाद भाजपा और कांग्रेस के बीच कई मुद्दों पर बयानबाजी देखने को मिली है।
दुबे ने अपने पोस्ट के अंत में कहा कि उनकी किताब में इन सभी सवालों के जवाब तलाशे जाएंगे। उन्होंने ‘इंतजार कीजिए’ कहकर इस राजनीतिक बहस को और हवा दे दी है। अब देखना होगा कि किताब कब प्रकाशित होती है और उसमें इन सवालों के जवाब किस तरह सामने रखे जाते हैं।


