HomeHindi NewsCrimeगोल्डी बराड़ पर अमेरिका का एक्शन, FBI की सूची में टॉप-10 मोस्ट...

गोल्डी बराड़ पर अमेरिका का एक्शन, FBI की सूची में टॉप-10 मोस्ट वांटेड, 9.26 करोड़ का इनाम भी रखा

लॉरेंस बिश्नोई गैंग के करीबी गैंगस्टर गोल्डी बराड़ पर अमेरिका और कनाडा की जांच एजेंसियों ने शिकंजा कस दिया है। अमेरिकी संघीय जांच एजेंसी FBI ने गोल्डी बराड़ को अपनी ‘टॉप 10 मोस्ट वांटेड भगोड़ों’ की सूची में शामिल किया है। एजेंसी ने उसकी गिरफ्तारी में मददगार सूचना देने वाले व्यक्ति को 10 लाख अमेरिकी डॉलर यानी करीब 9.26 करोड़ रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।

गोल्डी बराड़ का असली नाम सतिंदरजीत सिंह है। अमेरिकी एजेंसी के मुताबिक, वह लॉरेंस बिश्नोई के संगठित अपराध गिरोह का उत्तरी अमेरिका में कथित प्रमुख है। उस पर अमेरिका और कनाडा में कई गंभीर आपराधिक गतिविधियों को संचालित करने के आरोप हैं। FBI ने उसे बेहद खतरनाक और हथियारबंद व्यक्ति बताते हुए आम लोगों को उससे दूर रहने की चेतावनी दी है।

अमेरिका में इन गंभीर मामलों में दर्ज हैं आरोप

FBI के अनुसार, गोल्डी बराड़ के खिलाफ अमेरिका की संघीय अदालत में कई गंभीर आरोप दर्ज हैं। इनमें मुख्य रूप से तीन आरोप शामिल हैं:

  • संगठित अपराध गिरोह चलाने की साजिश (RICO Conspiracy)।
  • जबरन वसूली के जरिए कारोबार और व्यापारिक गतिविधियों में बाधा डालने की साजिश।
  • मादक पदार्थों के वितरण और उनकी तस्करी की साजिश।

अमेरिका की लॉस एंजिलिस की संघीय अदालत ने एक जुलाई 2026 को उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। FBI ने 28 सितंबर 2026 को उसे अपनी मोस्ट वांटेड सूची में शामिल किया था। वह इस सूची में शामिल होने वाला 543वां भगोड़ा है।

लॉरेंस बिश्नोई गैंग का उत्तरी अमेरिका में नेटवर्क

अमेरिकी जांच एजेंसी का आरोप है कि गोल्डी बराड़ लॉरेंस बिश्नोई का करीबी सहयोगी रहा है और उत्तरी अमेरिका में गिरोह की गतिविधियों को संभालता था। वह अमेरिका और कनाडा में लक्षित हत्याओं, गोलीबारी, अपहरण, जबरन वसूली और मादक पदार्थों की तस्करी जैसी गतिविधियों में कथित तौर पर शामिल रहा है।

FBI के मुताबिक, बिश्नोई गिरोह का मुख्य नेटवर्क भारत में है, लेकिन इसके हजारों सदस्य और सहयोगी अमेरिका, कनाडा, ब्रिटेन, यूरोप और ऑस्ट्रेलिया तक फैले हुए हैं। अमेरिकी एजेंसी ने इस नेटवर्क को अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बताया है।

कनाडा ने भी घोषित किया मोस्ट वांटेड भगोड़ा

गोल्डी बराड़ के खिलाफ केवल अमेरिका ही नहीं, बल्कि कनाडा में भी कार्रवाई तेज हुई है। 19 नवंबर को कनाडा के BOLO प्रोग्राम ने उसे देश के 25 सबसे वांछित भगोड़ों की सूची में पहले स्थान पर रखा था।

कनाडा ने उसकी गिरफ्तारी से जुड़ी जानकारी देने वाले को 2.5 लाख कनाडाई डॉलर तक का इनाम देने की घोषणा की है। यह इनाम दो नवंबर 2027 तक मान्य है।

विनिपेग पुलिस को गोल्डी बराड़ की तलाश सुखदूल सिंह गिल उर्फ सुखा दुनेके की हत्या के मामले में है। 20 सितंबर 2023 को विनिपेग में गोली मारकर उसकी हत्या कर दी गई थी। इस मामले में गोल्डी बराड़ और करणबीर सिंह के खिलाफ फरवरी 2026 में गिरफ्तारी वारंट जारी किए गए थे।

ऑपरेशन हार्डबॉल से भी जुड़ा है मामला

अमेरिका ने सात जुलाई 2026 को ऑपरेशन हार्डबॉल के तहत भारत से जुड़े अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध गिरोहों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की थी। इस जांच में 37 आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किए गए थे। FBI के मुताबिक, इस अभियान में लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ से जुड़े नेटवर्क की गतिविधियों की भी जांच हुई।

भारत में भी गोल्डी बराड़ कई आपराधिक मामलों में वांछित है। पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के मामले में भी उसका नाम सामने आया था। अमेरिका और कनाडा की हालिया कार्रवाई से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उसकी तलाश और तेज हो गई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments