आईपीएल 2026 के 65वें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के हाथों मिली 4 विकेट की हार के बाद मुंबई इंडियंस (MI) के कप्तान हार्दिक पंड्या का दर्द छलक पड़ा है। ईडन गार्डन्स में मिली इस शिकस्त के बाद पंड्या ने टीम की बल्लेबाजी और खराब फील्डिंग पर खुलकर अपनी बात रखी और माना कि टीम से लगातार बड़ी गलतियां हो रही हैं।
बल्लेबाजी में रह गए 15-20 रन पीछे
मैच के बाद बातचीत करते हुए हार्दिक पंड्या ने कहा, “मुकाबला काफी मनोरंजक था, लेकिन एक बैटिंग यूनिट के रूप में हम निश्चित तौर पर 15-20 रन पीछे रह गए। हमने पावरप्ले में ही बहुत सारे विकेट गंवा दिए थे, जिसने हमें बैकफुट पर धकेल दिया।” उन्होंने आगे कहा कि अगर वे और तिलक वर्मा क्रीज पर थोड़ा और वक्त बिताते और एक अच्छी साझेदारी होती, तो स्कोरबोर्ड पर अतिरिक्त रन जुड़ सकते थे, जिससे मैच जीतने का अच्छा मौका बनता।
गेंदबाजों की मददगार पिच की तारीफ की
इस सीजन में बन रहे बड़े स्कोर्स के बीच ईडन गार्डन्स की पिच पर गेंदबाजों को मिल रही मदद की पंड्या ने सराहना की। उन्होंने कहा, “मुझे इस तरह की पिचों पर खेलने में कोई ऐतराज नहीं है जहां गेंदबाजों के लिए भी कुछ मदद हो। आजकल आईपीएल पूरी तरह से बल्लेबाजों के दबदबे वाला होता जा रहा है। इस मैच में पिच से गेंदबाजों को सपोर्ट मिला, जिससे मुकाबला काफी कड़ा रहा।”
खराब फील्डिंग पर निकाली भड़ास
मैदान पर छूटे कैचों और सुस्त फील्डिंग को लेकर कप्तान ने अपनी लाचारी और नाराजगी साफ जाहिर की। पंड्या ने कड़े शब्दों में कहा, “हमने बहुत सारे कैच छोड़े हैं। जाहिर तौर पर कोई भी खिलाड़ी ऐसा जानबूझकर नहीं करता, लेकिन खेल के इस हिस्से से हम मुंह नहीं चुरा सकते; यहां छिपने की कोई जगह नहीं है। हमें अपनी गलतियों को स्वीकार करना होगा और आगामी मैचों में बेहतर प्रदर्शन करना होगा।”


