लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की कथित वियतनाम यात्रा को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) और कांग्रेस के बीच सियासी घमासान तेज हो गया है। भाजपा ने विमान के अंदर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करते हुए राहुल गांधी पर निशाना साधा। पार्टी ने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों के विरोध प्रदर्शनों के बीच राहुल गांधी विदेश यात्रा पर निकल गए हैं। वहीं, कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने पलटवार करते हुए कहा कि राहुल गांधी की निजी यात्राओं को बेवजह मुद्दा बनाया जा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश यात्राओं का जिक्र करते हुए सवाल किया कि उस समय सवाल क्यों नहीं उठाए जाते?
भाजपा ने वीडियो साझा कर क्या कहा?
भाजपा ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें कथित तौर पर राहुल गांधी विमान में बैठे दिखाई दे रहे हैं। पार्टी ने तंज कसते हुए लिखा, ‘झूठ फैलाते-फैलाते थक गया… कुछ दिन वियतनाम घूम आता हूं, किसी को क्या ही पता चलेगा!’
भाजपा का यह हमला ऐसे समय में आया है, जब कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन के नेता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। विपक्ष मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित अनियमितताओं को लेकर चुनाव आयोग पर सवाल उठा रहा है। भाजपा ने राहुल गांधी की यात्रा को इसी राजनीतिक घटनाक्रम से जोड़ते हुए उनकी प्राथमिकताओं पर निशाना साधा।
भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने भी राहुल गांधी पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी राजनीतिक गतिविधियों के बाद आराम करने विदेश चले गए हैं। भाजपा के अन्य नेताओं ने भी उनकी विदेश यात्राओं के उद्देश्य पर सवाल उठाए।
संदीप दीक्षित ने भाजपा को दिया जवाब
कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने भाजपा के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि राहुल गांधी की विदेश यात्रा को लेकर इतना विवाद खड़ा करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने सवाल किया कि कौन व्यक्ति कब और कहां यात्रा करता है, इससे भाजपा को क्या परेशानी है?
दीक्षित के मुताबिक, राहुल गांधी विदेश यात्राओं के दौरान येल यूनिवर्सिटी में छात्रों से बातचीत करते हैं, लंदन में विद्यार्थियों और बुद्धिजीवियों से मिलते हैं तथा प्रेस को इंटरव्यू भी देते हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी नेता प्रतिपक्ष होने के साथ-साथ एक व्यक्ति भी हैं और उनके अपने दायित्व हैं।
पीएम मोदी की विदेश यात्राओं का भी किया जिक्र
संदीप दीक्षित ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश यात्राओं का उल्लेख करते हुए भाजपा पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि परंपरा रही है कि लोकसभा का सत्र चलने के दौरान प्रधानमंत्री विदेश यात्रा नहीं करते, लेकिन जब प्रधानमंत्री ने इस परंपरा का पालन नहीं किया, तब सवाल क्यों नहीं उठाए गए?
कांग्रेस नेता का यह बयान भाजपा की आलोचना का सीधा जवाब माना जा रहा है। हालांकि, दोनों पक्षों के आरोपों और दावों के बीच राहुल गांधी की कथित वियतनाम यात्रा को लेकर विवाद जारी है।
SIR विवाद के बीच बढ़ी राजनीतिक बयानबाजी
राहुल गांधी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर चुनाव आयोग पर सवाल उठाते रहे हैं। कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने इस प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों की जांच की मांग की है। दूसरी ओर, भाजपा और चुनाव आयोग विपक्ष के आरोपों को खारिज करते रहे हैं।
ऐसे में राहुल गांधी की विदेश यात्रा राजनीतिक बहस का नया मुद्दा बन गई है। भाजपा जहां उनके दौरे के समय और उद्देश्य पर सवाल उठा रही है, वहीं कांग्रेस इसे निजी स्वतंत्रता से जोड़ते हुए सत्तापक्ष की आलोचना कर रही है।


