संसद के विशेष सत्र से ठीक पहले महिला आरक्षण और परिसीमन को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर अपना एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा कर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में उनका उचित अधिकार दिलाने की लड़ाई दशकों से चल रही है और वह भी लंबे समय से इस दिशा में प्रयास करने वालों में शामिल रहे हैं। प्रधानमंत्री ने भरोसा दिलाया कि महिला आरक्षण के रास्ते में आने वाली हर बाधा को दूर किया जाएगा।
मोदी ने वीडियो के साथ लिखा, ‘हमने अपनी नारी शक्ति से एक वादा किया था और हम उसे पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’ उनका यह संदेश ऐसे समय आया है, जब केंद्र सरकार परिसीमन से जुड़े नए विधेयक और महिला आरक्षण कानून को लागू करने की दिशा में संसद में नए सिरे से पहल करने जा रही है।
‘मैं भी प्रयास करने वालों में से एक’
वीडियो में प्रधानमंत्री कहते नजर आ रहे हैं कि नारी शक्ति को राजनीतिक भागीदारी दिलाने का संघर्ष कई दशकों से जारी है। वह भी वर्षों से इस उद्देश्य के लिए प्रयास कर रहे हैं। मोदी ने कहा कि बड़ी संख्या में महिलाएं उनसे मिलकर इस मुद्दे को उठाती रही हैं। कई बहनों ने उन्हें पत्र लिखकर अपनी अपेक्षाएं और भावनाएं बताई हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्हें देश की नारी शक्ति का आशीर्वाद और समर्थन प्राप्त है। उन्होंने महिलाओं को आश्वस्त किया कि सरकार महिला आरक्षण लागू करने के रास्ते में आने वाली सभी रुकावटें दूर करेगी। उनके मुताबिक सरकार का हौसला बुलंद, हिम्मत अटूट और इरादा अडिग है। उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि महिला आरक्षण का विरोध करने वाली पार्टियां महिलाओं की बढ़ती राजनीतिक भागीदारी को रोक नहीं पाएंगी। यह केवल समय की बात है।
33 प्रतिशत आरक्षण और परिसीमन का कनेक्शन
महिलाओं को लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण देने वाला नारी शक्ति वंदन अधिनियम वर्ष 2023 में संसद से पारित हुआ था। हालांकि, इसके क्रियान्वयन को जनगणना और परिसीमन की प्रक्रिया से जोड़ा गया है। अब केंद्र सरकार नए प्रस्ताव के जरिए 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले इसे लागू करने की तैयारी कर रही है।
कैबिनेट से मंजूर संविधान के 132वें संशोधन विधेयक में लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 करने का प्रस्ताव है। इसमें राज्यों से अधिकतम 815 और केंद्रशासित प्रदेशों से 35 सदस्य हो सकते हैं। राज्य विधानसभाओं की अधिकतम सदस्य संख्या भी 500 से बढ़ाकर 650 करने का प्रस्ताव है।
विपक्ष को परिसीमन पर ऐतराज
सरकार महिला आरक्षण को महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने का ऐतिहासिक कदम बता रही है, लेकिन विपक्ष परिसीमन के साथ इसे जोड़ने पर सवाल उठा रहा है। विपक्षी दलों का कहना है कि 33 प्रतिशत आरक्षण मौजूदा लोकसभा की 543 सीटों पर भी लागू किया जा सकता है। उनका आरोप है कि महिला आरक्षण की आड़ में परिसीमन को आगे बढ़ाया जा रहा है।
ऐसे में मोदी का वीडियो संदेश केवल महिला आरक्षण के समर्थन तक सीमित नहीं है। इसे संसद के विशेष सत्र से पहले सरकार की राजनीतिक रणनीति और विपक्ष को दिए गए संदेश के तौर पर भी देखा जा रहा है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि संसद में विधेयक को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच सहमति बनती है या टकराव और गहराता है।


