पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नदिया में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। पीएम मोदी का यह भाषण टीएमसी सरकार पर तीखे प्रहारों, चुनावी विश्लेषण और ‘झालमुरी’ के दिलचस्प संदर्भों से भरा रहा। प्रधानमंत्री ने दावा किया कि बंगाल में भाजपा की प्रचंड जीत तय है और इस बार का चुनाव जनता स्वयं लड़ रही है।
‘झालमुरी’ से टीएमसी को लगा झटका
प्रधानमंत्री ने अपने चिर-परिचित अंदाज़ में चुटकी लेते हुए कहा कि बंगाल में भाजपा की विजय का जश्न धूमधाम से मनाया जाएगा। उन्होंने कहा, “बंगाल में भाजपा की विजय का जश्न होगा, मिठाई भी बंटेगी और झालमुरी भी बांटी जाएगी। झालमुरी ने कुछ लोगों को झन्नाटेदार झटका दिया है। झालमुरी मैंने खाई… लेकिन ‘झाल’ (मिर्च) टीएमसी को लगी है।”
हिंसा मुक्त चुनाव और चुनाव आयोग की सराहना
पीएम मोदी ने इस चुनाव को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि पिछले 50 वर्षों में यह पहला चुनाव है जिसमें हिंसा कम से कम हुई है। उन्होंने टीएमसी के शासन को ‘गुंडाराज’ करार देते हुए कहा कि पहले बंगाल में लोगों को फांसी पर लटकाकर आत्महत्या बता दिया जाता था। प्रधानमंत्री ने शांतिपूर्ण मतदान के लिए चुनाव आयोग और सरकारी कर्मचारियों का अभिनंदन किया और कहा कि लोकतंत्र की प्रतिष्ठा फिर से स्थापित हुई है।
टीएमसी के ‘झूठ और झांसे’ पर प्रहार
ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार पर हमला बोलते हुए पीएम ने कहा कि टीएमसी की पहचान “झूठ बोलो और झांसा दो” की रही है।
- शिक्षा: उन्होंने आरोप लगाया कि हर ब्लॉक में मॉडल स्कूल बनाने के बजाय सैकड़ों स्कूल बंद कर दिए गए।
- नल से जल: पीएम ने तंज कसा कि हर घर पाइप से पानी तो नहीं पहुंचा, लेकिन जलभराव का गंदा पानी लोगों के दरवाजों तक जरूर पहुंच गया।
‘जनता लड़ रही है यह चुनाव’
प्रधानमंत्री ने कहा कि 15 साल पहले जनता ने वामपंथियों के खिलाफ बिगुल फूंका था, और आज टीएमसी के ‘जंगलराज’ के विरुद्ध जनता शंख फूंक रही है। उन्होंने कहा, “यह चुनाव न मोदी लड़ रहा है और न ही मेरे साथी। इस बार बंगाल का चुनाव यहां की जनता जनार्दन लड़ रही है। किसान, डॉक्टर, वकील, शिक्षक और यहां तक कि पुलिस भी अब टीएमसी के सिंडिकेट और गुंडों के आदेशों से मुक्ति चाहती है।”
‘टीएमसी का खाता खुलना भी मुश्किल’
पीएम मोदी ने विश्वास जताया कि कई जिलों में टीएमसी का खाता तक नहीं खुलेगा। उन्होंने कहा कि असम, केरल और पुडुचेरी की तरह बंगाल में भी रिकॉर्ड मतदान भाजपा की जीत का संकेत है। उन्होंने अंत में दोहराया कि बंगाल का हर वर्ग अब भाजपा के ‘सोनार बांग्ला’ के विजन को एक मौका देना चाहता है और टीएमसी का जाना अब निश्चित है।


