HomeHindi NewsDelhi Newsआपातकाल और आर्टिकल 370 नागरिकों पर थे अन्याय, संविधान दिवस पर पीएम...

आपातकाल और आर्टिकल 370 नागरिकों पर थे अन्याय, संविधान दिवस पर पीएम मोदी का कांग्रेस पर निशाना

देशभर में आज 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जा रहा है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संविधान की महत्ता, उसकी लोकतांत्रिक ताकत और देश की विकास यात्रा का उल्लेख करते हुए एक विस्तृत लेख लिखा है। उन्होंने संविधान को करोड़ों भारतीयों के जीवन का अभिन्न हिस्सा और देश का पथप्रदर्शक बताया। अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने डॉ. भीमराव आंबेडकर, डॉ. राजेंद्र प्रसाद और संविधान सभा के सभी सदस्यों को याद करते हुए आपातकाल, संविधान संशोधनों, अनुच्छेद 356 और अनुच्छेद 370 का भी जिक्र किया। उन्होंने विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी कांग्रेस पर भी संविधान की भावना को कमजोर करने का आरोप लगाया।

संविधान की ताकत से साधारण व्यक्ति भी बन सकता है प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकार किया था। भारत जैसे विविधताओं वाले देश में संविधान की पहुंच केवल संसद और अदालतों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसकी गूंज आम नागरिकों और विशेषकर युवाओं के जीवन में भी होनी चाहिए।

उन्होंने अपने जीवन का उदाहरण देते हुए कहा कि एक साधारण परिवार में जन्म लेने वाला व्यक्ति, जिसे विरासत में कोई विशेष सुविधा नहीं मिली, संविधान की ताकत से दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र का नेतृत्व कर सकता है। यह संविधान की असाधारण शक्ति का प्रमाण है।

मोदी ने प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, मुद्रा योजना और पीएम स्वनिधि का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से सामाजिक और आर्थिक न्याय के संवैधानिक आदर्शों को जमीन पर उतारने का प्रयास किया गया है।

आपातकाल और संविधान संशोधनों का किया जिक्र

प्रधानमंत्री ने अपने लेख में संविधान के पहले संशोधन और आपातकाल के दौरान हुए 42वें संशोधन पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि 1951 में पहले संविधान संशोधन के जरिए नागरिकों की मौलिक स्वतंत्रता प्रभावित हुई। उनके मुताबिक, उस समय अंतरिम संसद में बहुमत का इस्तेमाल विरोध की आवाज दबाने और चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने के लिए किया गया।

उन्होंने आपातकाल के दौरान हुए 42वें संशोधन का जिक्र करते हुए कहा कि इससे न्यायिक समीक्षा की शक्ति सीमित हुई और संवैधानिक संस्थाओं के बीच शक्तियों का संतुलन प्रभावित हुआ। मोदी ने युवाओं से 38वें और 39वें संविधान संशोधनों का भी अध्ययन करने की अपील की।

अनुच्छेद 370 और 356 को लेकर कांग्रेस पर निशाना

पीएम मोदी ने कहा कि अनुच्छेद 356 का इस्तेमाल कई बार चुनी हुई राज्य सरकारों को बर्खास्त करने के लिए किया गया। उन्होंने दावा किया कि एक राजनीतिक दल के शासनकाल में इसका करीब 100 बार इस्तेमाल हुआ।

अनुच्छेद 370 और 35ए का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इनके कारण सात दशक से अधिक समय तक जम्मू-कश्मीर में भारतीय संविधान पूरी तरह लागू नहीं हो पाया। उनके अनुसार, इससे अनुसूचित जाति, जनजाति, ओबीसी और महिलाओं के अधिकार प्रभावित हुए। उन्होंने 2019 में अनुच्छेद 370 हटाए जाने को ऐतिहासिक अन्याय का अंत बताया।

2047 के विकसित भारत के लिए दिए दो मंत्र

प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में नक्सलवाद, महिला आरक्षण और विपक्ष की भूमिका पर भी टिप्पणी की। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में सहयोग करने के बजाय बाधाएं पैदा कर रही है। महिला प्रतिनिधित्व बढ़ाने से जुड़े विधेयक का पारित नहीं होना भी उन्होंने निराशाजनक बताया।

लेख के अंत में मोदी ने 2047 तक विकसित भारत बनाने के लक्ष्य के लिए दो मंत्र दिए। उन्होंने कहा कि देश की सोच में ‘राष्ट्र प्रथम’ और हर कार्य में ‘कर्तव्य भाव’ होना चाहिए। संविधान से शक्ति लेकर इन आदर्शों पर आगे बढ़ने से आने वाली पीढ़ियों का भविष्य उज्ज्वल बनाया जा सकता है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments