एपल के नए आईफोन 18 सीरीज की बिक्री शुरू होने के साथ ही इसे खरीदने को लेकर ग्राहकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। दिल्ली और मुंबई में एपल स्टोर के बाहर लोग रात से ही कतार में नजर आए। कई ग्राहक ऐसे भी रहे, जो नए फोन को सबसे पहले हासिल करने के लिए घंटों इंतजार करते रहे।
दिल्ली के साकेत स्थित सेलेक्ट सिटीवॉक मॉल में एपल स्टोर के बाहर सुबह से ही लोगों की लंबी लाइन लग गई। आईफोन 18 प्रो, आईफोन 18 प्रो मैक्स और आईफोन 18 डुओ की बिक्री शुरू होने से पहले ही बड़ी संख्या में ग्राहक स्टोर के बाहर पहुंच गए थे। कई युवाओं में नए फोन को सबसे पहले पाने को लेकर खास उत्साह नजर आया।
रात से कतार में लगे ग्राहक
दिल्ली में एक ग्राहक अजय ने बताया कि वह आईफोन 18 प्रो मैक्स का 1TB मॉडल लेने आया है। उसने पहले ही फोन की बुकिंग कर रखी थी, लेकिन इसके बावजूद स्टोर के बाहर इंतजार कर रहा था। उसके मुताबिक भीड़ काफी है, लेकिन वह नए फोन को सबसे पहले हासिल करना चाहता है। अजय ने बताया कि फिलहाल वह आईफोन 17 प्रो इस्तेमाल कर रहा है और अब नए मॉडल में मिलने वाले फीचर्स को लेकर उत्सुक है।
टेक रिव्यू करने वाले सूरज चौहान भी आईफोन 18 प्रो मैक्स खरीदने के लिए साकेत पहुंचे। उन्होंने बताया कि पिछले साल उन्होंने आईफोन 17 प्रो खरीदा था और इस बार नए मॉडल का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने नए फोन के कैमरे और क्वालिटी में सुधार की उम्मीद भी जताई।
मुंबई में भी दिखा ऐसा ही नजारा
मुंबई में भी एपल स्टोर के बाहर बड़ी संख्या में ग्राहक लाइन में खड़े दिखाई दिए। नासिक से मुंबई पहुंचे हितेश पटेल ने बताया कि वह रात करीब 10 बजे से कतार में लगे हुए थे। उन्हें सुबह 8 बजे का पहला स्लॉट मिला था। हितेश ने बताया कि वह हर साल अपना मोबाइल बदलते हैं और फिलहाल उनके पास आईफोन 17 प्रो मैक्स है। अब वह आईफोन 18 प्रो मैक्स लेने पहुंचे हैं।
आईफोन की नई सीरीज की बिक्री शुरू होने से पहले दिल्ली और मुंबई में स्टोर के बाहर जुटी भीड़ ने नए मॉडल को लेकर ग्राहकों की दिलचस्पी को दिखाया। कई खरीदारों ने प्री-बुकिंग के बावजूद स्टोर पहुंचकर अपने फोन का इंतजार किया, ताकि बिक्री शुरू होते ही वे नया डिवाइस हासिल कर सकें।
एपल के नए आईफोन की बिक्री के पहले दिन हर साल की तरह इस बार भी स्टोर के बाहर दिखी लंबी कतारें कंपनी के नए प्रोडक्ट को लेकर ग्राहकों की उत्सुकता का प्रमुख दृश्य बन गईं।


