HomeHindi NewsDelhi NewsUP में कांग्रेस ने सपा से मांगीं 181 सीटें, लीक हुई सूची...

UP में कांग्रेस ने सपा से मांगीं 181 सीटें, लीक हुई सूची में रायबरेली-अमेठी पर दावा

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच गठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस ने सपा से 181 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की मांग की है। पार्टी ने अपनी संभावित सीटों की सूची भी सपा नेतृत्व को सौंप दी है। इस सूची में गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली और अमेठी की सभी सीटों पर दावा किए जाने की बात सामने आई है। अब 17 नवंबर से दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर औपचारिक बातचीत शुरू होगी। इसमें कांग्रेस अपनी दावेदारी का आधार रखेगी, जबकि सपा हर सीट पर जीत की संभावनाओं का आकलन करेगी।

181 सीटों पर क्यों अड़ी कांग्रेस?

कांग्रेस की इस मांग का खुलासा सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव नेकिया था। उनसे जब पूछा गया कि क्या कांग्रेस यूपी में 100 सीटें मांग रही है, तो उन्होंने कहा कि मांग इससे ज्यादा है। इसके बाद 180 सीटों को लेकर सवाल हुआ तो अखिलेश ने कहा कि इसमें एक और जोड़ दीजिए। इस तरह कांग्रेस की 181 सीटों की मांग सार्वजनिक हो गई।

कांग्रेस के यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने भी कहा है कि पार्टी ने संभावित सीटों की सूची सपा नेतृत्व को सौंप दी है। कांग्रेस का तर्क है कि उसने जमीनी स्तर पर संगठन की स्थिति, पिछले चुनावों में प्रदर्शन और स्थानीय कार्यकर्ताओं से मिले फीडबैक के आधार पर सीटों का चयन किया है। पार्टी गठबंधन में सम्मानजनक और बराबरी की हिस्सेदारी चाहती है।

रायबरेली-अमेठी की सीटों पर विशेष नजर

कांग्रेस की संभावित सूची में रायबरेली और अमेठी को खास महत्व दिया गया है। गांधी परिवार से इन दोनों जिलों का पुराना राजनीतिक जुड़ाव रहा है। कांग्रेस इन क्षेत्रों में अपने संगठन और परंपरागत राजनीतिक प्रभाव के आधार पर दावेदारी पेश कर रही है।

इसके अलावा सूची में रामपुर खास और फरेंदा जैसी सीटें भी शामिल हैं, जहां कांग्रेस ने 2022 के विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज की थी। मथुरा, खेरागढ़ और जगदीशपुर जैसी सीटों पर भी पार्टी ने अपनी संभावनाएं जताई हैं। कानपुर की गोविंद नगर और कैंट, बाराबंकी की जैदपुर तथा अयोध्या की सोहावल सीट भी चर्चा में हैं।

अखिलेश यादव की क्या है रणनीति?

दूसरी तरफ सपा नेतृत्व सीटों की संख्या के बजाय उम्मीदवारों की जीतने की क्षमता को प्राथमिकता देने की बात कह रहा है। अखिलेश यादव पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि गठबंधन में सीटों का फैसला चुनावी संभावनाओं के आधार पर होगा।

सपा कांग्रेस के पिछले विधानसभा चुनावी प्रदर्शन को भी ध्यान में रख रही है। 2022 के यूपी चुनाव में कांग्रेस को सिर्फ दो सीटें मिली थीं और उसका वोट शेयर 2.33 प्रतिशत रहा था। हालांकि 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने यूपी की 17 सीटों पर चुनाव लड़कर छह सीटें जीती थीं।

17 नवंबर से शुरू होगी असली बातचीत

दोनों दलों के बीच 17 नवंबर से सीटों पर चर्चा शुरू होने की उम्मीद है। बैठक में राजेंद्र पाल गौतम, आराधना मिश्रा मोना और इमरान मसूद समेत कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शामिल हो सकते हैं। सपा की ओर से भी वरिष्ठ प्रतिनिधि बातचीत करेंगे।

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि कांग्रेस की 181 सीटों की मांग पर अखिलेश यादव कितनी सहमति जताते हैं और दोनों दलों के बीच सीटों का अंतिम फॉर्मूला क्या निकलता है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments