More
    HomeHindi NewsDelhi Newsकॉकरोच जनता पार्टी का 'सोरोस' कनेक्शन, BJP ने कहा-अभिजीत दीपके AAP का...

    कॉकरोच जनता पार्टी का ‘सोरोस’ कनेक्शन, BJP ने कहा-अभिजीत दीपके AAP का कार्यकर्ता

    सोशल मीडिया पर तहलका मचाने वाले व्यंग्यात्मक डिजिटल अभियान ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) को लेकर अब सियासी घमासान तेज हो गया है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने इसके संस्थापक अभिजीत दीपके पर गंभीर आरोप लगाते हुए इस पूरे मामले में विदेशी फंडिंग और ‘सोरोस’ कनेक्शन का दावा किया है।

    भाजपा सांसद निशिकांत दुबे के गंभीर आरोप

    भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पोस्ट साझा करते हुए सीधे तौर पर अभिजीत दीपके की फंडिंग और राजनीतिक पृष्ठभूमि पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया, “अभिजीत दीपके आम आदमी पार्टी यानी अरविंद केजरीवाल जी का कार्यकर्ता है। वह बोस्टन किसके पैसे से गया? क्या इसके रहने और खाने का खर्चा सोरोस फाउंडेशन दे रहा है? यह विपक्ष के लिए एक चेतावनी है, क्या आप देश तोड़ने के लिए विदेशी ताकतों की मदद लेंगे?”

    ‘डीप स्टेट’ का प्रोजेक्ट और ट्रोजन हॉर्स

    सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता महेश जेठमलानी ने भी इस डिजिटल ट्रेंड की आलोचना की है। उन्होंने इसे ‘डीप स्टेट’ द्वारा तैयार किया गया एक ‘ट्रोजन हॉर्स’ (Trojan Horse) और राजनीतिक प्रभाव डालने वाला प्रयोग बताया है। जेठमलानी के अनुसार, पहले इसे युवाओं का गुस्सा और भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन बताकर बेचा जाता है और फिर इसका इस्तेमाल देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं पर हमला करने के लिए किया जाता है। उन्होंने सवाल उठाया कि इतनी बड़ी रीच और एम्प्लीफिकेशन के पीछे आखिर कौन से एनजीओ (NGO) नेटवर्क और विदेशी ताकतें काम कर रही हैं।

    विवाद की पृष्ठभूमि और एक्स (X) पर बैन

    यह पूरा डिजिटल आंदोलन भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) द्वारा कथित रूप से वकालत के पेशे में फर्जी डिग्री लेकर आने वालों को लेकर की गई ‘कॉकरोच’ और ‘परजीवी’ वाली टिप्पणी के बाद शुरू हुआ था। हालांकि बाद में सीजेआई ने स्पष्ट किया कि उनकी टिप्पणी को गलत संदर्भ में पेश किया गया था, लेकिन तब तक बेरोजगार युवाओं के गुस्से को समेटते हुए यह पेज ‘जेन-जी’ के बीच जमकर वायरल हो गया।

    इंटेलीजेंस ब्यूरो (IB) द्वारा राष्ट्रीय सुरक्षा और संप्रभुता के लिए खतरा बताए जाने के बाद सरकार के निर्देश पर इस पार्टी के आधिकारिक एक्स (X) अकाउंट को भारत में प्रतिबंधित (withheld) कर दिया गया है। हालांकि, इसके तुरंत बाद ‘कॉकरोच इज बैक’ नाम से एक नया अकाउंट शुरू कर दिया गया।

    माता-पिता और खुद अभिजीत को गिरफ्तारी का डर

    अमेरिका की बोस्टन यूनिवर्सिटी से पढ़ाई पूरी कर चुके 30 वर्षीय अभिजीत दीपके का कहना है कि उन्हें भारत लौटते ही गिरफ्तार किए जाने का डर है। वहीं महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में रहने वाले उनके माता-पिता भी बेटे की इस अचानक मिली लोकप्रियता और राजनीतिक विवाद से बेहद चिंतित हैं और चाहते हैं कि उनका बेटा इस राजनीति से दूर रहकर कोई सामान्य नौकरी करे।

    RELATED ARTICLES

    Most Popular

    Recent Comments