छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नया रायपुर में आयोजित ग्रीन स्टील समिट-2024 का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि हमारा छत्तीसगढ़, भारत के प्रमुख स्टील निर्माता राज्यों में है। यहां भिलाई स्टील प्लांट और नगरनार स्टील प्लांट जैसी बड़ी इकाइयां तो संचालित हैं ही। इसके साथ-साथ निजी क्षेत्र के छोटे-बड़े अनेक इस्पात संयंत्र संचालित हैं। इस समय देश में कुल उत्पादित स्टील में प्रदेश की भागीदारी 15 से 20 प्रतिशत है।
छत्तीसगढ़ में अपार संभावनाएं
सीएम साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में अभी भी इस्पात उद्योग के विस्तार की बहुत संभावनाएं हैं। इस बारे में हमारी योजनाएं भी हैं। आने वाले समय में हम और भी इस्पात संयंत्र निश्चित रूप से स्थापित करेंगे। उन्होंने सीआईआई परिसंघ को इस आयोजन के लिए छत्तीसगढ़ का चयन करने पर आभार जताया।
2047 तक विकसित देश बनेगा भारत
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बयान पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि बजट सभी वर्गों के लिए बहुत अच्छा है और 2047 तक विकसित देश खड़ा हो, बजट उस संदर्भ में है। उन्होंने कहा कि विरोधियों को तो अपना धर्म निभाना ही पड़ेगा। इसलिए वे जबरन विरोध कर रहे हैं।