भारतीय क्रिकेट में चयन समिति के स्तर पर बदलाव शुरू हो गया है। अजीत अगरकर के चीफ सेलेक्टर पद से हटने के बाद पूर्व भारतीय स्पिनर प्रज्ञान ओझा को फिलहाल चयन समिति का अंतरिम प्रमुख बनाया गया है। अगरकर का कार्यकाल 4 अक्तूबर को पूरा होना है। उनकी गैरमौजूदगी में ओझा ने चयन समिति की कमान संभाली है।
गंभीर के साथ लंबी बैठक
न्यूजीलैंड दौरे को लेकर भारतीय टीम प्रबंधन और चयन समिति ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुवाहाटी में वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे वनडे से पहले मुख्य कोच गौतम गंभीर ने चार सदस्यीय चयन समिति के साथ लंबी चर्चा की। बैठक में प्रज्ञान ओझा के अलावा शिव सुंदर दास, अजय रात्रा और आरपी सिंह मौजूद थे। अगरकर इस बैठक में शामिल नहीं हुए।
रिपोर्ट के मुताबिक बैठक का मुख्य एजेंडा न्यूजीलैंड दौरे के लिए टीम संयोजन और अलग-अलग प्रारूपों की टीमों पर चर्चा करना था। चयनकर्ताओं को न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20, वनडे और टेस्ट सीरीज के अलावा भारत ए की टीम के लिए भी खिलाड़ियों का चयन करना है।
तीनों फॉर्मेट में होगा मुकाबला
भारतीय टीम का न्यूजीलैंड दौरा 22 अक्तूबर से 27 नवंबर तक प्रस्तावित है। दौरे की शुरुआत पांच मैचों की टी20 सीरीज से होगी। पहला मुकाबला 22 अक्तूबर को क्राइस्टचर्च में खेला जाना है। इसके बाद 4 नवंबर से पांच मैचों की वनडे सीरीज शुरू होगी।
दौरे का सबसे महत्वपूर्ण चरण दो टेस्ट मैचों का होगा। पहला टेस्ट 19 नवंबर से वेलिंगटन में और दूसरा टेस्ट क्राइस्टचर्च में खेला जाना है। इसके समानांतर भारत ए टीम तीन टेस्ट मैच खेलेगी, जो 24 अक्तूबर से 10 नवंबर के बीच प्रस्तावित हैं।
टेस्ट खिलाड़ियों को मिल सकता है अतिरिक्त समय
न्यूजीलैंड दौरे की योजना बनाते समय खिलाड़ियों के कार्यभार और तैयारी पर भी ध्यान दिया जा रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, वनडे टीम में शामिल कुछ प्रमुख टेस्ट खिलाड़ियों को अंतिम वनडे के बाद जल्दी रिलीज किया जा सकता है, ताकि वे टेस्ट सीरीज से पहले न्यूजीलैंड की परिस्थितियों में अभ्यास कर सकें। न्यूजीलैंड में पहला टेस्ट 19 नवंबर से शुरू होना है, जबकि वनडे सीरीज का अंतिम मुकाबला 15 नवंबर को तौरंगा में निर्धारित है।
2027 वनडे विश्व कप की भी तैयारी
न्यूजीलैंड दौरा भारतीय टीम के लिए केवल मौजूदा सीरीज तक सीमित नहीं माना जा रहा। चयन समिति और टीम प्रबंधन अलग-अलग प्रारूपों में खिलाड़ियों के संयोजन, कार्यभार और भूमिका का आकलन भी कर रहे हैं। 2027 वनडे विश्व कप की तैयारियां शुरू होने के बीच न्यूजीलैंड दौरा खिलाड़ियों को परखने का एक अहम अवसर होगा।
फिलहाल प्रज्ञान ओझा की भूमिका अंतरिम है। हालांकि, कुछ रिपोर्टों में उन्हें आगे पूर्णकालिक चीफ सेलेक्टर पद के संभावित दावेदारों में बताया गया है।


