दिल्ली में चुनाव की हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस, भाजपा और आप ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भाजपा कोर कमेटी की बैठक के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा के आवास पहुंचे। भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने पार्टी की कोर कमेटी की बैठक पर कहा कि केवल संगठन पर चर्चा हुई। केंद्रीय मंत्री अमित शाह और जे.पी. नड्डा ने हमारा मार्गदर्शन किया कि कैसे हमें चुनावी कैम्पेनिंग करनी है। वहीं दिल्ली में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने पूर्वांचल के लोगों के खिलाफ अरविंद केजरीवाल की टिप्पणी के विरोध में अशोक रोड से अरविंद केजरीवाल के आवास तक पूर्वांचल सम्मान मार्च में हिस्सा लिया। केजरीवाल ने प्रेस कान्फ्रेंस करते हुए भाजपा पर कई सवाल उठाए।
दिल्ली को भारत की अपराध राजधानी बना दिया
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि भाजपा ने दिल्ली को भारत की अपराध राजधानी बना दिया है। दिल्ली में डकैती, चेन स्नैचिंग, गैंगवार हो रहे हैं। दिल्ली की महिलाओं का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। भाजपा दिल्ली के लोगों से नफरत करती है इसलिए अपनी नफरत के कारण ही वे पिछले 25 सालों से दिल्ली की सत्ता में वापस नहीं आए हैं। केजरीवाल ने कहा कि मैंने दिल्ली के लोगों को भरोसा दिलाया है कि आर की सरकार बनने पर आरडब्ल्यूए को दिल्ली सरकार से फंड मिलेगा, ताकि वे अपने-अपने इलाकों में निजी सुरक्षा गार्ड नियुक्त कर सकें। केजरीवाल ने कहा कि भाजपा अब धरना पार्टी बन गई है। कल मैं चुनाव आयोग में शिकायत करने गया था कि भाजपा रोहिंग्या के नाम पर पूर्वांचल और दलितों के वोट काट रही है।