हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ प्रभु श्रीराम के दर्शन करने अयोध्या पहुंचे। सैनी ने कहा कि श्री राम के व्यक्तित्व की विशालता का दर्शन श्री अयोध्या जी धाम, राम जन्मभूमि पहुंचकर किया। आज मंत्रिमंडल के माननीय मंत्रीगणों के साथ अयोध्या में रामलला के दर्शन करने का सौभाग्य प्राप्त होगा। पूरा प्रदेश खुशहाल हो और विकास में आगे बढ़े, ऐसी कामना हम भगवान श्री राम से करते हैं।
भगवान राम मर्यादा और नैतिकता के मापदंड
सीएम सैनी ने कहा कि रामलला के दर्शन कर राम-राज्य की जो प्रेरणा हमें नित दिन गरीब कल्याण के लिए प्रेरित करती है, उसी सुखधाम श्री राम के दर्शनार्थ हरियाणा प्रदेश का हमारा राजनीतिक नेतृत्व अयोध्या धाम आया है। राम-राज्य की एक नई ऊर्जा, सनातन का नया अभ्युदय, नई प्रेरणा और नए संकल्पों के साथ रामलला का आशीर्वाद पाकर हम सभी हरियाणा के परिवारजनों की सेवा में फिर से जुट जाएंगे। सीएम ने कहा कि भगवान राम मर्यादा और नैतिकता के हमारे मापदंड हैं। उनके आदर्शों, मर्यादाओं और राम राज्य के सद्गुणों के साथ हरियाणावासियों की सेवा में जुटा रहूंगा। ये संकल्प और आशीर्वाद हमें रामलला की कृपा से ही प्राप्त हुआ है।