उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर विपक्षी गठबंधन की तैयारियों के बीच समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर तल्खी बढ़ती नजर आ रही है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को सत्ता से हटाने के लिए साथ चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे दोनों दलों के बीच अब सीटों की संख्या और उम्मीदवारों के चयन को लेकर मतभेद सामने आ गए हैं। कांग्रेस ने साफ संकेत दिए हैं कि वह 120 से कम सीटों पर समझौता करने के मूड में नहीं है। वहीं, सपा की ओर से केवल 26 सीटों का शुरुआती प्रस्ताव दिए जाने और पांच उम्मीदवारों के नाम घोषित करने से विवाद और गहरा गया है।
120 सीटों की सूची सपा को सौंपी
कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, पार्टी ने सपा के साथ बातचीत के दौरान 120 विधानसभा सीटों की सूची सौंपी है। कांग्रेस का कहना है कि वह इससे कम सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए तैयार नहीं है। पार्टी ने अपनी मांग के समर्थन में 2024 के लोकसभा चुनाव में प्रदर्शन और उत्तर प्रदेश में संगठन के विस्तार का हवाला दिया है।
इससे पहले कांग्रेस ने करीब 181 सीटों पर चुनाव लड़ने की इच्छा जताई थी। बाद में बातचीत के दौरान उसने अपनी मांग घटाकर 131 सीटों तक कर दी। अब पार्टी की ओर से 120 सीटों की सूची सामने आई है। कांग्रेस चाहती है कि उसे उन क्षेत्रों में भी चुनाव लड़ने का मौका मिले, जहां लोकसभा चुनाव में उसका प्रदर्शन अच्छा रहा था।
सपा ने दिया 26 सीटों का प्रस्ताव
दूसरी तरफ सपा ने कांग्रेस को शुरुआत में 26 सीटें देने का प्रस्ताव रखा है। सपा महासचिव रामगोपाल यादव के मुताबिक, इस प्रस्ताव में वे दो सीटें शामिल हैं, जहां कांग्रेस ने 2022 के विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज की थी। इसके अलावा चार ऐसी सीटें हैं, जहां कांग्रेस दूसरे स्थान पर रही थी। बाकी 20 सीटों पर सपा का मानना है कि कांग्रेस के मुकाबले उसका प्रदर्शन बेहतर रहा है।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव का जोर सीटों की संख्या के बजाय उम्मीदवारों की जीतने की क्षमता पर है। उनका कहना है कि गठबंधन में हर सीट पर ऐसा साझा उम्मीदवार होना चाहिए, जो भाजपा को चुनौती दे सके।
इमरान मसूद बोले- हम भिखारी नहीं हैं
सीट बंटवारे के बीच कांग्रेस सांसद और प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने सपा के रवैये पर कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सपा से 26 सीटें नहीं मांगी थीं, फिर इस तरह सार्वजनिक रूप से प्रस्ताव घोषित करने का क्या मतलब है?
मसूद ने कहा, ‘हम भिखारी नहीं हैं कि अखिलेश यादव के दरवाजे पर जाकर सीटों की भीख मांगेंगे।’ उन्होंने गठबंधन में सम्मान और गंभीरता से बातचीत करने की जरूरत बताई। उनका कहना है कि अगर एक सहयोगी दल दूसरे पर अपनी शर्तें थोपेगा तो गठबंधन कैसे मजबूत होगा?
पांच उम्मीदवारों की घोषणा से बढ़ा विवाद
सपा ने गठबंधन पर बातचीत पूरी होने से पहले ही पांच उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं। इनमें बेहट से उमर अली खान, सहारनपुर से आशु मलिक, कैराना से नाहिद हसन, अमरोहा से महबूब अली और ललितपुर से ज्योति लोधी शामिल हैं।
सहारनपुर और बेहट सीट को लेकर कांग्रेस की विशेष आपत्ति है। इमरान मसूद इन क्षेत्रों में कांग्रेस की राजनीतिक दावेदारी चाहते हैं। ऐसे में सपा की घोषणा को कांग्रेस ने अपने राजनीतिक हितों के खिलाफ माना है।
क्या टूट जाएगा विपक्षी गठबंधन?
फिलहाल दोनों दलों के बीच बातचीत का रास्ता बंद नहीं हुआ है। आने वाले दिनों में सीट बंटवारे को लेकर फिर बैठकें होने की उम्मीद है। हालांकि, 120 और 26 सीटों के बीच का बड़ा अंतर दोनों पार्टियों के लिए चुनौती बना हुआ है।
2024 के लोकसभा चुनाव में सपा और कांग्रेस ने मिलकर उत्तर प्रदेश में अच्छा प्रदर्शन किया था। अब सवाल है कि क्या दोनों दल आपसी मतभेद भुलाकर 2027 में भी एक साथ मैदान में उतरेंगे या सीटों की लड़ाई विपक्षी एकता को कमजोर कर देगी।


