HomeHindi NewsEntertainmentहनुमान जी भारत के आयरन मैन, रामायण में सनी देओल के रोल...

हनुमान जी भारत के आयरन मैन, रामायण में सनी देओल के रोल से शुरू होगी कहानी

रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी की फिल्म ‘रामायण’ को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह है। फिल्म के पहले भाग में भगवान हनुमान की छोटी-सी झलक दिखाने के बाद अब दूसरे भाग को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। इस बीच फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा ने हनुमान के किरदार और सनी देओल की कास्टिंग को लेकर बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने भगवान हनुमान की तुलना भारत के आयरन मैन से की है। उनका कहना है कि हनुमान रामायण के सबसे लोकप्रिय और पसंदीदा किरदारों में से एक हैं और उनकी एंट्री से फिल्म की कहानी बिल्कुल नए स्तर पर पहुंच जाएगी।

हनुमान जी को बताया भारत का आयरन मैन

नमित मल्होत्रा ने गोल्ड डर्बी को दिए इंटरव्यू में कहा कि भगवान हनुमान को भारत के आयरन मैन के रूप में देखा जा सकता है, क्योंकि वह दर्शकों के सबसे पसंदीदा किरदारों में शामिल हैं। निर्माता के मुताबिक, अगली फिल्म का स्तर हनुमान की मौजूदगी से काफी ऊंचा होने वाला है। उन्होंने इसे एक रोमांचक सफर बताते हुए कहा कि रामायण की महागाथा असल मायनों में अब आगे बढ़ेगी।

नमित ने बताया कि फिल्म के पहले भाग में हनुमान की पूरी एंट्री नहीं दिखाने का फैसला जानबूझकर लिया गया था। निर्माता चाहते थे कि दर्शक फिल्म देखने के बाद इस सवाल के साथ सिनेमाघरों से बाहर निकलें कि अब भगवान राम आगे क्या करेंगे और सीता की खोज कैसे होगी।

सनी देओल को ही क्यों मिला हनुमान का किरदार?

निर्देशक नितेश तिवारी और नमित मल्होत्रा ने यह भी बताया कि भगवान हनुमान के किरदार के लिए सनी देओल को चुनने के पीछे क्या वजह थी। नितेश के मुताबिक, हनुमान का व्यक्तित्व बेहद खास है। उनमें मासूमियत, सरलता और लोगों का दिल जीतने वाला स्वभाव है, लेकिन जरूरत पड़ने पर वह इतने शक्तिशाली हो जाते हैं कि पहाड़ तक हिला सकते हैं।

निर्देशक को लगा कि सनी देओल की पर्दे पर बनी छवि इस किरदार के लिए बिल्कुल उपयुक्त है। वह एक तरफ सहज और भावुक नजर आते हैं, तो दूसरी तरफ गुस्से में उनका दमदार अंदाज दर्शकों को प्रभावित करता है।

नमित ने भी कहा कि सनी ने अपने करियर में ऐसे कई किरदार निभाए हैं, जो शुरुआत में बेहद सीधे और मासूम दिखाई देते हैं, लेकिन बाद में अपनी ताकत से सबको हैरान कर देते हैं। उन्होंने कहा कि सनी ने कभी पारंपरिक सुपरहीरो का किरदार नहीं निभाया, फिर भी देश में उन्हें सुपरहीरो जैसा प्यार मिलता है।

पोस्ट क्रेडिट सीन में दिखी थी पहली झलक

‘रामायण’ के पहले भाग के पोस्ट क्रेडिट सीन में सनी देओल की हनुमान के रूप में पहली झलक दिखाई गई थी। इस दृश्य में वह गदा लेकर आकाश में उड़ते और जय श्रीराम का उद्घोष करते नजर आए। बैकग्राउंड में दिलजीत दोसांझ की आवाज में हनुमान चालीसा सुनाई दी। हालांकि, निर्माताओं ने उनका चेहरा पूरी तरह नहीं दिखाया।

2028 में आएगा दूसरा भाग

नमित मल्होत्रा के मुताबिक, दूसरे भाग में हनुमान की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होगी। इसमें भगवान राम की सीता की खोज और रावण के खिलाफ युद्ध की कहानी आगे बढ़ेगी। फिल्म का दूसरा भाग दिवाली 2028 पर रिलीज होने वाला है। निर्माताओं का दावा है कि इस बार कहानी का पैमाना और भव्यता पहले से कहीं अधिक होगी। अब दर्शकों को सनी देओल को हनुमान के पूर्ण किरदार में देखने का इंतजार है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments