HomeHindi NewsEntertainmentरामायण का बॉक्स ऑफिस पर धमाका, 'RRR' का रिकॉर्ड तोड़ा, 'पुष्पा 2'...

रामायण का बॉक्स ऑफिस पर धमाका, ‘RRR’ का रिकॉर्ड तोड़ा, ‘पुष्पा 2’ से अब कितनी दूर?

रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी की फिल्म ‘रामायण’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है। रिलीज के 12वें दिन यानी दूसरे सोमवार को भी फिल्म ने शानदार कमाई की। वीकेंड के मुकाबले सोमवार को कलेक्शन में गिरावट जरूर आई, लेकिन इसके बावजूद फिल्म ने भारतीय सिनेमा की बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है। घरेलू बॉक्स ऑफिस पर फिल्म ने एसएस राजामौली की ‘RRR’ का लाइफटाइम कलेक्शन रिकॉर्ड तोड़ दिया है। वहीं, दुनियाभर में 1400 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर फिल्म की नजर अब ‘पुष्पा 2’ के रिकॉर्ड पर है।

दूसरे सोमवार को कितनी हुई कमाई?

नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी ‘रामायण’ ने दूसरे वीकेंड पर जबरदस्त प्रदर्शन किया था। फिल्म ने रिलीज के 10वें दिन शनिवार को 72.90 करोड़ रुपये और 11वें दिन रविवार को करीब 75 करोड़ रुपये का कारोबार किया।

हालांकि, दूसरे सोमवार को सिनेमाघरों में दर्शकों की संख्या में कमी आई। इसके बावजूद फिल्म ने 12वें दिन भारत में करीब 32 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। इसके साथ ही फिल्म की कुल घरेलू कमाई लगभग 793 करोड़ रुपये पहुंच गई।

सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म का भारत में ग्रॉस कलेक्शन 947 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया है। वहीं, विदेशों में भी फिल्म का प्रदर्शन मजबूत बना हुआ है।

दुनियाभर में 1437 करोड़ का कारोबार

‘रामायण’ ने महज 12 दिनों में दुनियाभर में 1437.25 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है। इसमें करीब 490 करोड़ रुपये की कमाई विदेशी बाजारों से हुई है।

इस उपलब्धि के साथ फिल्म दुनियाभर में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्मों की सूची में पांचवें स्थान पर पहुंच गई है। फिल्म ने वर्ल्डवाइड कलेक्शन के मामले में ‘RRR’ और ‘धुरंधर’ जैसी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है।

‘पुष्पा 2’ का रिकॉर्ड तोड़ने से कितनी दूर?

अब फिल्म के सामने अल्लू अर्जुन की ‘पुष्पा 2: द रूल’ का रिकॉर्ड है। इस फिल्म का दुनियाभर में लाइफटाइम कलेक्शन लगभग 1742 करोड़ रुपये बताया जाता है।

वहीं, ‘रामायण’ की कमाई 1437.25 करोड़ रुपये हो चुकी है। इस हिसाब से उसे ‘पुष्पा 2’ से आगे निकलने के लिए लगभग 305 करोड़ रुपये और कमाने होंगे।

फिल्म की मौजूदा रफ्तार को देखते हुए बॉक्स ऑफिस पर यह मुकाबला दिलचस्प हो गया है। हालांकि, आने वाले दिनों में दर्शकों की संख्या और वीकडे कलेक्शन तय करेंगे कि फिल्म इस लक्ष्य तक कब पहुंचती है।

2000 करोड़ के बजट में बनी है फिल्म

‘रामायण’ का निर्माण नमित मल्होत्रा ने किया है और इसका निर्देशन नितेश तिवारी ने किया है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं। रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में हैं।

करीब 2000 करोड़ रुपये के बजट वाली इस फिल्म को दो भागों में बनाया जा रहा है। पहले भाग की सफलता ने दूसरे भाग को लेकर भी दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है। अब देखना होगा कि ‘रामायण’ अपनी कमाई का सिलसिला जारी रखते हुए ‘पुष्पा 2’ को पीछे छोड़ पाती है या नहीं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments