पंजाब में ड्यूटी से घर लौट रहे पुलिस हेड कॉन्स्टेबल विनोद कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उनका शव रविवार देर रात अमृतसर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर गांव मान कौर के पास खून से लथपथ हालत में मिला। उनके सिर में गोली लगने के निशान थे। इस घटना के बाद पंजाब पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। इंटरनेट मीडिया पर तहरीक-ए-तालिबान हिंदोस्तान (TTP हिंदोस्तान) नाम के संगठन ने पोस्ट डालकर हत्या की जिम्मेदारी ली है। पुलिस इस पोस्ट की सत्यता की जांच कर रही है। वहीं, अधिकारियों ने आतंकी घटना की आशंका से भी इनकार नहीं किया है।
भाई को फोन कर बताया था अपनी लोकेशन
जानकारी के मुताबिक, विनोद कुमार गुरदासपुर के कृष्णा नगर के रहने वाले थे और थाना सुजानपुर में तैनात थे। रविवार रात करीब 9:15 बजे उन्होंने अपने भाई राम लाल को फोन किया था। उन्होंने बताया कि वह पुराना शाला के पास पहुंच गए हैं और करीब 15 मिनट बाद बाइपास से उन्हें लेने आ जाएं।
राम लाल निर्धारित समय पर वहां पहुंचे, लेकिन विनोद नहीं मिले। परिवार ने उनकी तलाश शुरू की। रात करीब एक बजे बाइपास सड़क के किनारे उनका शव बरामद हुआ। घटनास्थल पर उनका सामान भी नहीं मिला। परिवार के मुताबिक, उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। उनकी मां कुंती देवी ने भी किसी तरह के व्यक्तिगत विवाद की जानकारी होने से इनकार किया है।
सीसीटीवी में बाइक सवार दो लोगों के साथ दिखे विनोद
इस हत्याकांड से जुड़ी सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। इसमें विनोद कुमार बाइक सवार दो लोगों के साथ दिखाई दे रहे हैं। पुलिस के अनुसार, उन्होंने मोटरसाइकिल सवार लोगों से लिफ्ट ली थी। इसके बाद उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई।
फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि बाइक सवार दोनों लोग कौन थे और विनोद की उनसे पहले से कोई जान-पहचान थी या नहीं। अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जांच में अपहरण की पुष्टि नहीं हुई है।
प्रमोशन के बाद ट्रेनिंग के लिए गए थे संगरूर
जांच अधिकारी एसआई मोहन लाल के अनुसार, प्रमोशन के बाद विनोद कुमार ट्रेनिंग सेंटर जहानखेलां गए थे। इसके बाद उन्हें प्रशिक्षण के सिलसिले में संगरूर भेजा गया था। रविवार देर रात ट्रेनिंग से गुरदासपुर लौटते समय उनके साथ यह वारदात हुई।
पुलिस को घटना की सूचना रात करीब 12 बजे मिली थी। सोमवार देर शाम एडीजीपी लॉ एंड ऑर्डर प्रवीण कुमार सिन्हा और आईजी बॉर्डर रेंज गुरप्रीत सिंह भुल्लर घटनास्थल पर पहुंचे और जांच की जानकारी ली।
आतंकी एंगल से भी जांच, पूरे पंजाब में अलर्ट
एडीजीपी प्रवीण कुमार सिन्हा ने बताया कि विनोद कुमार की हत्या गोली मारकर की गई है। इंटरनेट मीडिया पर सामने आई जिम्मेदारी लेने वाली पोस्ट की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ मामलों में भी देश विरोधी तत्वों की भूमिका सामने आई थी, इसलिए इस घटना में आतंकी एंगल से इनकार नहीं किया जा सकता।
अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि पठानकोट में एक वाहन छीने जाने की घटना का फिलहाल इस हत्याकांड से कोई संबंध सामने नहीं आया है। घटना के बाद पूरे पंजाब में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। सीसीटीवी फुटेज, बाइक सवारों की पहचान और इंटरनेट मीडिया पर जारी पोस्ट को जांच का अहम हिस्सा बनाया गया है। फिलहाल हत्या के पीछे की असली वजह और आरोपियों की पहचान स्पष्ट होना बाकी है।


