शुक्रवार सुबह मुंबई पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों में उस वक्त हड़कंप मच गया जब शहर को दहलाने वाली एक धमकी भरा ईमेल सामने आया। मुंबई की मेयर रितु राजेश तावड़े और डिप्टी मेयर संजय घाड़ी को मिले इस ईमेल में बीएमसी मुख्यालय, बॉलीवुड सुपरस्टार अमिताभ बच्चन के जुहू स्थित बंगले ‘जलसा’, पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट और शहर के कुछ स्कूलों को बम तथा ग्रेनेड से उड़ाने की धमकी दी गई है।
खालिस्तान और 1984 के दंगों का जिक्र
‘स्मिथ जॉनसन’ के नाम से भेजे गए इस धमकी भरे ईमेल की सब्जेक्ट लाइन में ‘Mumbai Bombay Bolega Khalistan Zindabad’ लिखा गया था। ईमेल भेजने वाले ने खुद को ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ और ‘बब्बर खालसा (परमार-कनाडा)’ से जुड़ा हुआ बताया है। इसमें 1984 के सिख विरोधी दंगों का हवाला देते हुए इसे ‘खून का बदला’ बताया गया है और निम्नलिखित जगहों को निशाना बनाने की बात कही गई है:
- मेयर ऑफिस: बीएमसी मुख्यालय स्थित दफ्तर को बम से उड़ाने की धमकी।
- अमिताभ बच्चन का बंगला: जुहू स्थित ‘जलसा’ पर 31 अक्टूबर से 27 नवंबर के बीच ग्रेनेड से हमले की चेतावनी।
- दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट: 27 नवंबर को महालक्ष्मी रेसकोर्स में होने वाले ‘Aura India Tour’ शो में बम ब्लास्ट और सुसाइड अटैक की धमकी।
- स्कूल: 31 अक्टूबर को दादर सहित मुंबई के 3-4 स्कूलों में ग्रेनेड अटैक की चेतावनी।
सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर, साइबर सेल कर रही जांच
धमकी मिलते ही मुंबई पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। बॉम्ब डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (BDDS) ने बीएमसी मुख्यालय और अन्य संभावित ठिकानों की गहन तलाशी ली, हालांकि राहत की बात यह है कि जांच में अभी तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है। सुरक्षा के मद्देनजर मेयर ऑफिस, महालक्ष्मी रेसकोर्स और शहर के प्रमुख स्कूलों के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
डीसीपी मनीष कलवानिया ने बताया कि साइबर सेल इस बात का पता लगाने में जुटी है कि यह ईमेल कहां से और किसने भेजा है। अधिकारियों का मानना है कि यह कोई फर्जी (Hoax) धमकी भी हो सकती है, लेकिन पिछले एक महीने में मेयर को मिल चुकी ऐसी तीसरी धमकी के बाद सुरक्षा से जुड़ी कोई भी कोर्इ लापरवाही नहीं बरती जा रही है।
दिल्ली में भी दिलजीत के कॉन्सर्ट पर असर
इस प्रकार की धमकियों का असर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी देखने को मिला है। सुरक्षा इनपुट और त्योहारी सीजन को ध्यान में रखते हुए दिल्ली पुलिस ने 30 अक्टूबर को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में होने वाले दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। बता दें कि इससे पहले दिल्ली के कुछ स्कूलों को भी इसी तरह के धमकी भरे ईमेल मिल चुके हैं, जिसमें खालिस्तानी नारे लिखे गए थे। फिलहाल पुलिस दोनों शहरों में इस मामले की गहराई से छानबीन कर रही है।


