नीम करोली बाबा के जीवन और शिक्षाओं से प्रेरित फिल्म ‘हनुमान अंश’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार अपनी पकड़ बनाए हुए है। रिलीज के शुरुआती दिनों में बेहद धीमी शुरुआत करने वाली यह फिल्म अब 2026 की सबसे चर्चित सफल फिल्मों में शामिल हो चुकी है। 46वें दिन भी फिल्म ने ऐसी कमाई की है, जिसने नई रिलीज फिल्मों के कारोबार को काफी पीछे छोड़ दिया। ‘हनुमान अंश’ का सबसे चौंकाने वाला पहलू इसका कथित बजट और अब तक का कारोबार है। करीब 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने 46 दिनों में 352 करोड़ रुपये से ज्यादा का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है। यानी छोटे स्तर पर शुरू हुई यह फिल्म अब बॉक्स ऑफिस पर एक बड़ी व्यावसायिक सफलता के रूप में सामने आ रही है।
46वें दिन कमाए 4 करोड़ रुपये
सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, ‘हनुमान अंश’ ने 21 सितंबर यानी सोमवार को 46वें दिन भारत में करीब 4 करोड़ रुपये नेट कमाए। इस दिन फिल्म के 7,629 शो रहे और औसत ऑक्यूपेंसी करीब 15 प्रतिशत दर्ज की गई। रविवार को फिल्म ने 13.75 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। ऐसे में सोमवार की कमाई में करीब 70.9 प्रतिशत की गिरावट जरूर आई, लेकिन सातवें हफ्ते में 4 करोड़ रुपये का कारोबार अभी भी खास माना जा रहा है।
इसके साथ ही फिल्म का भारत में नेट कलेक्शन 275.88 करोड़ रुपये हो गया है। भारत में फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 325.80 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। विदेशों में भी फिल्म ने कारोबार जारी रखा है और वहां की कुल कमाई 26.50 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इस तरह ‘हनुमान अंश’ का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 352.30 करोड़ रुपये हो चुका है।
धुरंधर 2’ और ‘बॉर्डर 2’ को छोड़ा पीछे
‘हनुमान अंश’ की सबसे बड़ी उपलब्धि अब यह बताई जा रही है कि उसने साल की बड़ी फिल्मों में शामिल ‘धुरंधर 2’ और ‘बॉर्डर 2’ को पीछे छोड़ दिया है। खास बात यह है कि जहां इन फिल्मों को बड़े स्टार्स, भारी बजट और बड़े पैमाने के प्रचार का फायदा मिला, वहीं ‘हनुमान अंश’ ने सीमित बजट के बावजूद लंबी बॉक्स ऑफिस रन के जरिए यह मुकाम हासिल किया।
शुरुआती दौर में बेहद धीमी थी रफ्तार
‘हनुमान अंश’ की मौजूदा सफलता इसलिए भी दिलचस्प है क्योंकि फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शुरुआत बेहद मामूली स्तर से की थी। रिलीज के पहले दिन फिल्म ने करीब 10 लाख रुपये कमाए थे और शुरुआती हफ्तों में दर्शकों की संख्या काफी कम रही। लेकिन तीसरे सप्ताह के बाद फिल्म की कमाई में अचानक तेजी देखने को मिली। इसके बाद चौथे और पांचवें सप्ताह में फिल्म ने लगातार मजबूत कारोबार किया और लंबे समय तक सिनेमाघरों में बनी रही।
नई फिल्मों के बीच भी कायम है दबदबा
फिल्म की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक यह है कि लंबे समय तक सिनेमाघरों में रहने के बावजूद इसकी कमाई नई रिलीज फिल्मों से अधिक बनी हुई है। 46वें दिन ‘हनुमान अंश’ ने करीब 4 करोड़ रुपये नेट कमाए, जबकि ‘वाइब’ ने अपने चौथे दिन करीब 90 लाख रुपये का भारत नेट कलेक्शन किया। इससे दोनों फिल्मों के मौजूदा बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन के बीच बड़ा अंतर दिखाई देता है।
वहीं, ‘मिर्जापुर: द मूवी’ भी रिलीज के बाद अच्छी कमाई कर चुकी है, लेकिन ‘हनुमान अंश’ की लंबी बॉक्स ऑफिस रन और लगातार मजबूत कलेक्शन ने इसकी चर्चा को अलग स्तर पर पहुंचा दिया है। फिल्म की कहानी, आध्यात्मिक विषय और दर्शकों की बढ़ती रुचि ने इसके कारोबार को शुरुआती उम्मीदों से काफी आगे पहुंचाया है।
निर्देशक विशाल चतुर्वेदी की इस फिल्म में शोभिनव सत्य और चंदन आनंद प्रमुख भूमिकाओं में हैं। फिल्म की असामान्य बॉक्स ऑफिस यात्रा ने यह जरूर दिखाया है कि सिनेमाघरों में किसी फिल्म की लंबी उम्र केवल शुरुआती ओपनिंग पर निर्भर नहीं रहती।


