सुपरस्टार रजनीकांत की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जेलर 2’ लगातार अपने नए किरदारों को लेकर चर्चा में है। अब मेकर्स ने बॉलीवुड अभिनेत्री विद्या बालन का फर्स्ट लुक जारी किया है। फिल्म में विद्या ‘कांता’ नाम का किरदार निभाती नजर आएंगी। सामने आए छोटे से कैरेक्टर वीडियो में उनका अंदाज काफी दमदार दिखाई दे रहा है। नीली साड़ी और काले ब्लाउज में विद्या हाथ में सिगरेट लेकर सीढ़ियों से नीचे उतरती हैं और फिर कमरे में प्रवेश करती हैं। बैकग्राउंड में अनिरुद्ध रविचंदर का म्यूजिक इस सीन को और प्रभावशाली बनाता है।
सिगरेट वाले अंदाज में विद्या की एंट्री
विद्या का यह लुक उनके पिछले कई किरदारों से काफी अलग नजर आ रहा है। वीडियो में वह पूरे आत्मविश्वास के साथ सीढ़ियों से उतरती हैं। उनके हाथ में सिगरेट है और एक दृश्य में वह धुएं का छल्ला बनाती दिखाई देती हैं। इसके बाद वह एक कमरे में पहुंचती हैं, जहां उनका सामना रजनीकांत के किरदार से होता नजर आता है। हालांकि, मेकर्स ने अभी तक कांता के किरदार की पूरी कहानी या उसके मकसद का खुलासा नहीं किया है।
क्या मिथुन चक्रवर्ती की बेटी हैं विद्या?
विद्या बालन की ‘जेलर 2’ में एंट्री के साथ एक सवाल सबसे ज्यादा चर्चा में है कि आखिर उनका किरदार कहानी में किससे जुड़ा है। पहले सामने आई रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि विद्या फिल्म में मिथुन चक्रवर्ती के किरदार की सबसे बड़ी बेटी का रोल निभा सकती हैं। मिथुन चक्रवर्ती को फिल्म में मुख्य प्रतिपक्षी किरदारों में से एक बताए जाने की रिपोर्ट्स हैं। हालांकि, मेकर्स ने अभी तक विद्या और मिथुन के रिश्ते की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। इसलिए इसे फिलहाल रिपोर्ट्स और अटकलों के तौर पर ही देखा जा रहा है।
रजनीकांत के साथ दिखेगा आमना-सामना
‘जेलर 2’ में रजनीकांत एक बार फिर मुथुवेल पांडियन के किरदार में वापसी कर रहे हैं। फिल्म का निर्देशन नेल्सन दिलीपकुमार कर रहे हैं। पहले पार्ट की तरह दूसरे भाग में भी राम्या कृष्णन, योगी बाबू, मिर्ना और रित्विक जैसे कलाकार नजर आएंगे। वहीं नए कलाकारों में एसजे सूर्या, मिथुन चक्रवर्ती, विद्या बालन और सूरज वेंजारामूडु शामिल हैं।
15 अक्टूबर को रिलीज होगी फिल्म
‘जेलर 2’ साल 2023 में आई रजनीकांत की हिट फिल्म ‘जेलर’ का सीक्वल है। पहले पार्ट में मुथुवेल पांडियन की कहानी ने दर्शकों के बीच खास जगह बनाई थी। अब सीक्वल में कहानी को बड़े स्तर पर आगे बढ़ाया जा रहा है। फिल्म को लेकर मेकर्स लगातार किरदारों की झलकियां जारी कर रहे हैं, लेकिन पूरी कहानी को अभी पर्दे में रखा गया है।
रजनीकांत की यह फिल्म 15 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तय है। विद्या बालन के ‘कांता’ वाले लुक ने फिल्म की कहानी को लेकर नई उत्सुकता पैदा कर दी है।


