प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान के बालोतरा (पचपदरा) में देश के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। पीएम मोदी ने यहां लगभग 1.06 लाख करोड़ रुपये की लागत वाली विभिन्न महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। इन परियोजनाओं में पेट्रोकेमिकल्स, शहरी परिवहन, रेलवे, सड़कें, रिन्यूएबल एनर्जी और बिजली ट्रांसमिशन जैसे कई प्रमुख सेक्टर शामिल हैं। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने मारवाड़ की वीर भूमि को नमन करते हुए पचपदरा रिफाइनरी को राष्ट्र को समर्पित किया।
आत्मनिर्भरता और रोजगार को मिलेगी नई गति
जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि यह धरती अनगिनत वीरों के शौर्य और स्वाभिमान की साक्षी रही है। उन्होंने आत्मनिर्भरता पर जोर देते हुए कहा:
“इस रण के कण-कण ने हमें स्वाभिमान को सर्वोपरि रखने की सीख दी है। स्वाभिमान — चाहे व्यक्ति का हो या देश का — तभी ऊंचा रह सकता है जब वह आत्मनिर्भर हो और दूसरों पर कम से कम निर्भर हो। आज राजस्थान की इस धरती से भारत ने विकसित और आत्मनिर्भर होने की दिशा में एक बहुत बड़ा कदम उठाया है।”
पीएम मोदी ने विश्वास जताया कि यह नई रिफाइनरी इस क्षेत्र में औद्योगिक क्रांति लाएगी और राजस्थान के हजारों युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार का एक बड़ा माध्यम बनेगी।
जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल की तारीफ
अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री ने जोधपुर में निर्मित नए एयरपोर्ट टर्मिनल के उद्घाटन का भी विशेष जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर इस नए टर्मिनल के आर्किटेक्चर और राजस्थानी इंटीरियर की काफी चर्चा हो रही है, जिसमें चारों तरफ राजस्थान की सांस्कृतिक झलक दिखाई दे रही है। पीएम मोदी के अनुसार, यह आधुनिक बुनियादी ढांचा मारवाड़ क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार और रोजगार को एक नई ऊंचाई पर ले जाएगा।
इन 1.06 लाख करोड़ रुपये की परियोजनाओं के साथ राजस्थान में न केवल विकास के कई नए कीर्तिमान स्थापित हो रहे हैं, बल्कि यह पश्चिमी राजस्थान के आर्थिक और सामाजिक परिदृश्य को बदलने में भी मील का पत्थर साबित होंगी।


