More
    HomeHindi NewsDelhi Newsहमारे ड्रोन कई घंटे PM के घर के ऊपर उड़े, शहबाज के...

    हमारे ड्रोन कई घंटे PM के घर के ऊपर उड़े, शहबाज के गृहमंत्री का बड़बोलापन

    पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने भारत और पाकिस्तान के बीच हुए सैन्य संघर्ष को लेकर एक बार फिर बेहद अजीबोगरीब और बिना किसी सबूत वाला दावा किया है। नकवी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी चर्चा बटोर रहा है, जिसमें उन्होंने दावा किया है कि पिछले साल भारत के साथ हुई चार दिन की लड़ाई के दौरान पाकिस्तानी सेना के ड्रोन भारतीय राजधानी दिल्ली तक पहुंच गए थे और सीधे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास के ऊपर मंडरा रहे थे।

    दावे का कोई आधार नहीं

    पाकिस्तानी गृह मंत्री ने एक कार्यक्रम के दौरान कहा, “वे खुद अच्छी तरह जानते हैं कि जब हमारे ड्रोन कई घंटों तक दिल्ली में लगातार घूम रहे थे, तब उनके चैनलों पर कितना डर का माहौल था। हमारे ड्रोन उनके प्रधानमंत्री आवास और अन्य संवेदनशील इलाकों के ठीक ऊपर उड़ रहे थे।”

    हालांकि, इस बड़बोले दावे का कोई वैज्ञानिक, तकनीकी या आधिकारिक आधार और सबूत मौजूद नहीं है। भारत और पाकिस्तान के बीच 7 से 10 मई, 2025 तक भीषण सैन्य संघर्ष जरूर हुआ था, लेकिन पाकिस्तान का कोई भी ड्रोन या हथियार भारतीय राजधानी दिल्ली की हवाई सीमा तक नहीं पहुंच सका था।

    पहली बार हुआ ड्रोन का इस्तेमाल

    वीडियो में मोहसिन नकवी ने इस बात पर भी जोर दिया कि यह दोनों देशों के इतिहास में पहली बार था जब पारंपरिक हमलों के लिए इतने बड़े पैमाने पर ड्रोन का इस्तेमाल किया गया। इससे पहले भारत-पाकिस्तान के बीच कई सैन्य टकराव हुए, लेकिन कभी भी युद्ध में इस तरह ड्रोन नहीं चले थे।

    नकवी ने आगे दावा किया कि पाकिस्तानी खुफिया एजेंसियों को भारतीय सेना की रणनीतियों की पहले से सटीक जानकारी थी, जिससे वे समय रहते प्रतिक्रिया के लिए तैयार थे। उनके अनुसार, भारत ने उनके करीब 100 सीमा चौकियों पर ड्रोन हमले किए थे, जिसके जवाब में पाकिस्तानी सेना ने नागरिक क्षेत्रों के बजाय केवल सैन्य बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया।

    विशेषज्ञों का मानना है कि पाकिस्तान के भीतर चल रहे राजनीतिक और आर्थिक संकटों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए वहां के मंत्रियों द्वारा अक्सर इस तरह की बेतुकी बयानबाजी और काल्पनिक दावों का सहारा लिया जाता है। भारतीय पक्ष की तरफ से इस निराधार दावे पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

    RELATED ARTICLES

    Most Popular

    Recent Comments