बॉलीवुड निर्देशक नितेश तिवारी की महाकाव्य फिल्म ‘रामायण’ को लेकर चर्चाएं गर्म हैं। एक ओर जहां प्रशंसक पर्दे पर रणबीर कपूर को भगवान राम के अवतार में देखने का इंतजार कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर फिल्म में उनकी कास्टिंग को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। अभिनेत्री निकिता रावल ने रणबीर कपूर के भगवान राम का किरदार निभाने पर कड़ी आपत्ति जताई है और उनके पुराने ‘बीफ’ (गोमांस) से जुड़े बयान को लेकर अभिनेता पर निशाना साधा है।
बीफ बयान को लेकर माफी की मांग
निकिता रावल ने एक साक्षात्कार में कहा कि भगवान राम केवल एक पौराणिक चरित्र नहीं हैं, बल्कि देश और दुनिया के करोड़ों लोगों की आस्था, श्रद्धा और आदर्शों के प्रतीक हैं। उन्होंने रणबीर कपूर के उस पुराने बयान का हवाला दिया जिसमें अभिनेता ने खुद को “बीफ प्रेमी” बताया था।
निकिता का कहना है कि जिस व्यक्ति ने खुलेआम सार्वजनिक मंच पर बीफ खाने की बात स्वीकार की हो, वह मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के पवित्र चरित्र को सही मायने में पर्दे पर कैसे जीवंत कर सकता है? उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसे बयान से लाखों सनातनियों और श्रद्धालुओं की भावनाओं को ठेस पहुंची है।
#BoycottRanbirKapoor अभियान चलाने की चेतावनी
अभिनेत्री ने जोर देकर कहा कि अगर रणबीर कपूर को लगता है कि उनके बयान से किसी की भावनाएं आहत हुई हैं, तो उन्हें सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।
- निकिता रावल ने चेतावनी दी कि जब तक रणबीर कपूर हाथ जोड़कर लोगों से माफी नहीं मांगते, तब तक वह सोशल मीडिया पर #BoycottRanbirKapoor अभियान चलाती रहेंगी।
- उन्होंने कहा कि भारत के लोग दयालु हैं और गलती मानने पर माफ कर देते हैं, लेकिन बिना माफी के इस तरह के पवित्र किरदार को स्वीकार करना जनता के लिए कठिन होगा।
मेकर्स और सनातनी संगठनों पर सवाल
साक्षात्कार में निकिता ने फिल्म के निर्माताओं और विभिन्न सामाजिक व धार्मिक संगठनों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मेकर्स सिर्फ बिजनेस और कमाई की सोच रहे हैं, जबकि उन्हें जनता की आस्था का सम्मान करना चाहिए। साथ ही उन्होंने पूछा कि ऐसे संवेदनशील मुद्दे पर इस वक्त सनातनी संगठन और आवाज उठाने वाले समूह चुप क्यों हैं?
उल्लेखनीय है कि रणबीर कपूर का बीफ से संबंधित वीडियो साल 2022 में फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र’ के प्रमोशन के दौरान काफी वायरल हुआ था, जिस पर उस समय भी काफी हंगामा मचा था। हालांकि, ‘रामायण’ फिल्म की तैयारी के दौरान यह भी खबरें आई थीं कि रणबीर ने इस किरदार में ढलने के लिए अपनी जीवनशैली में बदलाव कर मांसाहार और शराब से दूरी बनाई है। इसके बावजूद, उनके पुराने बयानों को लेकर विरोध की लहर रुकती नहीं दिख रही है।


