HomeHindi NewsBusinessइतिहास का सबसे बुरा दिन, शेयर बाजार में गिरावट के लिए डेमोक्रेट्स...

इतिहास का सबसे बुरा दिन, शेयर बाजार में गिरावट के लिए डेमोक्रेट्स जिम्मेदार, हार के बाद ट्रंप के बहाने

अमेरिका के मध्यावधि चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी को बड़ा झटका लगने के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अब शेयर बाजार में आई भारी गिरावट के लिए डेमोक्रेट्स को जिम्मेदार ठहराया है। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर पोस्ट कर कहा कि चुनाव के नतीजों के कारण अमेरिकी शेयर बाजार ने इतिहास के सबसे बुरे दिनों में से एक देखा। उन्होंने दावा किया कि बाजार में गिरावट की वजह डेमोक्रेट्स की चुनावी सफलता है, न कि रिपब्लिकन पार्टी।

‘इतिहास के सबसे बुरे दिनों में से एक’

ट्रंप ने गुरुवार शाम अपने पोस्ट में लिखा कि शेयर बाजार ने चुनाव के नतीजों के आधार पर इतिहास के सबसे खराब दिनों में से एक देखा। यह सब देखना बेहद दुखद है। उन्होंने कहा कि बाजार को उस ऊंचाई तक पहुंचाने के लिए काफी मेहनत की गई थी, जहां वह पहले कभी नहीं पहुंचा था, लेकिन अब स्थिति बदल गई है।

अमेरिकी राष्ट्रपति ने निवेशकों की बचत का जिक्र करते हुए कहा कि शेयर बाजार में गिरावट के कारण लोगों के 401(के) रिटायरमेंट खातों में जमा रकम भी कम हो गई है। उन्होंने लिखा, ‘याद रखिए, इसके लिए रिपब्लिकन जिम्मेदार नहीं थे, बल्कि डेमोक्रेट्स जिम्मेदार थे।’ ट्रंप ने डेमोक्रेट्स के लिए ‘ड्यूमोक्रेट्स’ शब्द का इस्तेमाल किया, जो उनके विरोधियों पर तंज कसने का उनका पुराना तरीका है।

उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाने की कोशिश भी की कि चिंता करने की जरूरत नहीं है। ट्रंप के मुताबिक, अमेरिका जल्द ही पहले से ज्यादा मजबूत स्थिति में होगा।

दूसरी पोस्ट में भी डेमोक्रेट्स पर निशाना

ट्रंप ने एक अन्य पोस्ट में भी बाजार में गिरावट के लिए डेमोक्रेट्स की चुनावी जीत को जिम्मेदार बताया। उन्होंने लिखा कि शेयर बाजार इसलिए गिरा, क्योंकि मंगलवार को डेमोक्रेट्स ने बड़ी जीत हासिल की। साथ ही उन्होंने कहा कि इसके लिए लोगों को खुद को जिम्मेदार मानना चाहिए।

ट्रंप की ये टिप्पणियां ऐसे समय आई हैं, जब मध्यावधि चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी को कई अहम मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। डेमोक्रेट्स ने प्रतिनिधि सभा और सीनेट, दोनों में बढ़त हासिल की है। नई कांग्रेस के जनवरी में कार्यभार संभालने के बाद पार्टी को दोनों सदनों में नियंत्रण मिलने की उम्मीद है।

टेक और एआई कंपनियों के शेयरों में बड़ी गिरावट

अमेरिकी बाजार में गिरावट का सबसे ज्यादा असर तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से जुड़ी कंपनियों पर पड़ा। निवेशकों को आशंका है कि डेमोक्रेट्स के नियंत्रण वाली कांग्रेस एआई उद्योग और डेटा सेंटर के निर्माण पर सख्त नियम लागू कर सकती है।

रिपोर्टों के मुताबिक, नैस्डैक 100 में करीब 6.4 फीसदी की गिरावट आई और बाजार मूल्य के लगभग 2.3 ट्रिलियन डॉलर साफ हो गए। यह मार्च 2020 के बाद इस सूचकांक का सबसे खराब कारोबारी सत्र बताया गया। एसएंडपी 500 और अन्य प्रमुख सूचकांकों में भी भारी गिरावट दर्ज की गई।

चुनावी हार के लिए पहले भी दिए थे तर्क

मध्यावधि चुनाव में हार के बाद ट्रंप इससे पहले भी अलग-अलग वजहें गिना चुके हैं। उन्होंने ईरान युद्ध के कारण बढ़ी ईंधन कीमतों को रिपब्लिकन पार्टी के खराब प्रदर्शन की वजह बताया था। साथ ही यह भी कहा था कि अगर उनका नाम चुनाव में होता तो पार्टी बड़े अंतर से जीतती।

अब शेयर बाजार की गिरावट को डेमोक्रेट्स की जीत से जोड़कर ट्रंप ने राजनीतिक बहस को नया मोड़ दे दिया है। हालांकि बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, गिरावट के पीछे चुनावी नतीजों के साथ एआई कंपनियों के मूल्यांकन और भविष्य में निवेश पर मिलने वाले रिटर्न को लेकर चिंताएं भी अहम कारण हो सकती हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments