HomeHindi NewsBusinessमार्च में घट गई थोक महंगाई दर.. जानें क्या कहते हैं 3...

मार्च में घट गई थोक महंगाई दर.. जानें क्या कहते हैं 3 माह के आंकड़े

राहत की बात है कि मार्च महीने में थोक मूल्य आधारित महंगाई दर घटकर 2.05 प्रतिशत रह गई। फरवरी में यह 2.38 प्रतिशत थी। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, खाद्य पदार्थों की कीमतों में धीमी गति से वृद्धि के कारण भारत की थोक मुद्रास्फीति मार्च में 4 महीने के निचले स्तर पर आ गई है। हालांकि सालाना आधार पर थोक मूल्य सूचकांक आधारित मुद्रास्फीति में वृद्धि हुई है। मार्च 2024 में थोक महंगाई दर 0.26 प्रतिशत थी। उद्योग मंत्रालय ने कहा कि मार्च 2025 में मुद्रास्फीति की सकारात्मक दर मुख्य रूप से खाद्य उत्पादों, अन्य विनिर्माण, खाद्य वस्तुओं, बिजली और कपड़ा विनिर्माण आदि की कीमतों में वृद्धि के कारण है।

खाद्य मुद्रास्फीति भी घटी

थोक मूल्य सूचकांक के आंकड़ों की मानें तो खाद्य मुद्रास्फीति फरवरी के 3.38 प्रतिशत से घटकर मार्च में 1.57 प्रतिशत रह गई है। इस दौरान सब्जियों की कीमतों में भारी गिरावट आई। सब्जियों में अवस्फीति फरवरी के 5.80 प्रतिशत की तुलना में इस महीने 15.88 प्रतिशत रही। हालांकि विनिर्मित उत्पादों की थोक महंगाई मार्च में बढक़र 3.07 प्रतिशत हो गई, जबकि फरवरी में यह 2.86 प्रतिशत थी। ईंधन और बिजली में भी वृद्धि देखी गई और मार्च में मुद्रास्फीति दर 0.20 प्रतिशत रही, जबकि फरवरी में अपस्फीति 0.71 प्रतिशत थी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments