HomeHindi NewsDelhi Newsइतिहास में पहली बार होगा ऐसा, जब कांग्रेस को वोट नहीं दे...

इतिहास में पहली बार होगा ऐसा, जब कांग्रेस को वोट नहीं दे पाएगा गांधी परिवार

लोकसभा चुनाव की सरगर्मी और प्रचार शुरू हो चुका है और भाजपा ने 400 पार का लक्ष्य रखा है। ऐसे में कांग्रेस के सामने मुश्किल है कि वह कितनी सीटें हासिल कर पाएगी। इंडिया गठबंधन तो कांग्रेस ने बना लिया है, लेकिन कई राज्यों में कांग्रेस में भगदड़ मची हुई है। दिल्ली में कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी से समझौता किया है और उसे 4 सीटें आप को देनी पड़ी हैं। ऐसे में कांग्रेस के पास सिर्फ चांदनी चौक, उत्तर पूर्वी दिल्ली और उत्तर पश्चिम दिल्ली ही आई हैं। ऐसे में अब इतिहास में पहली बार होगा कि गांधी परिवार अपना वोट कांग्रेस को नहीं दे पाएगा।
झाड़ू को वोट डालने की मजबूरी
दरअसल राहुल गांधी, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा का नाम वोटर लिस्ट में नई दिल्ली लोकसभा क्षेत्र में है और यह सीट आप के पाले में चली गई है। जब गांधी परिवार वोट डालने जाएगा तो उन्हें यहां आप के प्रत्याशी सोमनाथ भारती को वोट देना पड़ेगा, क्योंकि यहां से न तो कांग्रेस का उम्मीदवार होगा और न ही उसका चुनाव चिन्ह ईवीएम में दिखाई देगा। ऐसे में कांग्रेस के लिए यह बड़ी पीड़ादायक स्थिति होगी कि उन्हें आप के झाड़ू को वोट देना पड़ेगा।
2 चुनावों में कांग्रेस की दिल्ली में हुई दुर्गति
2014 और 2019 के चुनाव में दिल्ली से कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो चुका है। यहां आम आदमी पार्टी भी कोई कमाल नहीं दिखा पाई है। दोनों चुनावों में भाजपा ने 7 में से 7 सीटें हासिल की हैं। हालांकि इस बार मुकाबला तगड़ा हो सकता है क्योंकि आप-कांग्रेस में बंटने वाला वोट एकमुश्त गठबंधन को मिल सकता है। ऐसे में भाजपा ने यहां से 6 प्रत्याशियों को बदल दिया है। सिर्फ मनोज तिवारी का टिकट ही रिपीट हुआ है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments