HomeHindi Newsशिवाजी के बहाने ठाकरे को साधा.. अहिल्यानगर में बीजेपी पर बरसीं प्रियंका

शिवाजी के बहाने ठाकरे को साधा.. अहिल्यानगर में बीजेपी पर बरसीं प्रियंका

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा वायनाड के चुनाव निपटाकर महाराष्ट्र में प्रचार करने में जुट गई हैं। उन्होंने शिर्डी में साईं बाबा के दर्शन किए। इसके बाद उन्होंने अहिल्यानगर में एक चुनाव जनसभा की। प्रियंका ने कहा कि पिछले 10 सालों में पीएम मोदी के राज में भाजपा के राज में और यहां 2.5 साल से जो सरकार रही है, उसके राज में सच्चाई की अहमियत क्या रह गई है? मंचों पर बड़े-बड़े नेता कुछ भी कह देते हैं। आज मुझे ताज्जुब होता है कि इसी महाराष्ट्र में जिस पर हमें गौरव है, छत्रपति शिवाजी महाराज का अपमान हो रहा है। प्रियंका ने कहा कि वही नेता जो मंच पर खड़े होते हैं और छत्रपति शिवाजी महाराज का नाम लेते हैं पर उनका सम्मान नहीं करते।

संसद के बाहर से प्रतिमा हटाई

प्रियंका ने कहा कि संसद के बाहर जो छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा बनाई गई, वो हटा दी और जो सिंधुदुर्ग में प्रतिमा बनाई वो तो ढह गई। फिर नाम लेने का फायदा क्या है? प्रियंका ने कहा कि बाला साहेब ठाकरे जी का नाम सुन लीजिए। हमारी राजनीतिक सोच अलग थी लेकिन न बाला साहेब ठाकरे और न ही कांग्रेस पार्टी का कोई भी नेता शिवाजी महाराज का अपमान बर्दाश्त करेगा। प्रियंका ने कहा कि आपने किसानों के लिए क्या किया है। खेती-किसानी के सामान पर GST लगा दिया। प्याज, कपास, दूध, संतरे के किसान पर आपने हर तरफ से हमला किया है। महाराष्ट्र में कांग्रेस, एनसीपी शरद गुट और शिवसेना के उद्धव गुट के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है। कांग्रेस को उम्मीद है कि महाराष्ट्र में महाविकास आघाड़ी के नेतृत्व में सरकार बनेगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments