HomeHindi NewsChhattisgarh Newsउत्तराखंड, उप्र में चढ़ने लगा पारा.. इन राज्यों में बारिश का अनुमान

उत्तराखंड, उप्र में चढ़ने लगा पारा.. इन राज्यों में बारिश का अनुमान

देश में मौसम करवट बदलने लगा है। उत्तराखंड, उप्र और दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा के लोगों पर गर्मी का सितम और बढऩे वाला है। तापमान 2 से 3 डिग्री तक बढ़ सकता है। दिल्ली में 4 से 5 दिन में तापमान का स्तर 40 डिग्री को छू सकता है। हालांकि इसके बाद 3 से 5 अप्रैल तक आंशिक बादल छा सकते हैं। तेज हवाएं चलेंगी जो 10 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती हैं। मप्र, छत्तीसगढ़, राजस्थान समेत अन्य राज्यों में भी बादल छा सकते हैं और बारिश हो सकती है। हालांकि 6 अप्रैल को हवाएं कमजोर पड़ जाएंगी। इसकी वजह से तापमान और अधिक बढ़ेगा। 6 और 7 अप्रैल को अधिकतम तापमान बढऩा शुरू हो सकता है। जैसे-जैसे अप्रैल का महीना आगे बढ़ेगा, तापमान और चढ़ सकता है।

उत्तराखंड में चढऩे लगा है पारा

उत्तराखंड में गर्मी का प्रकोप दिखने लगा है और पहाड़ से लेकर मैदान तक तप रहे हैं। अप्रैल महीने में इस बार गर्मी बेहाल कर सकती है। उत्तराखंड के अधिकांश क्षेत्रों में सूरज की तपिश ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। सुबह और शाम के समय गर्मी से हल्की राहत मिल रही है लेकिन दिन के समय सूरज के तेवर तल्ख होने से गर्मी सताने लगी है। उत्तर प्रदेश में भी धीरे-धीरे गर्मी बढ़ती जा रही है। आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होने से गर्मी और बढ़ सकती है।

मप्र, राजस्थान में हल्की बारिश का अनुमान

राजस्थान के कई हिस्सों में अगले दो दिन बादल छाए रह सकते हैं और हल्की बारिश का अनुमान है। मप्र और छत्तीसगढ़ समेत अन्य राज्यों में भी ऐसा ही मौसम रहेगा। पश्चिम विक्षोभ के प्रभाव से पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान है।

कहां है लू का अलर्ट?

आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र, ओडिशा और गुजरात के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर है। ओडिशा में 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर तापमान पहुंच गया है, जो सामान्य से 4 से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक है। इन राज्यों में भीषण गर्मी का अलर्ट है। आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान रिकॉर्ड तोड़ सकता है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments