More
    HomeHindi NewsBihar Newsपटना में तेजस्वी का 'राहुल रूप', CEC के खिलाफ प्रदर्शन में बैरिकेड...

    पटना में तेजस्वी का ‘राहुल रूप’, CEC के खिलाफ प्रदर्शन में बैरिकेड पर चढ़े; राजभवन मार्च के दौरान हंगामा

    बिहार की राजधानी पटना में गुरुवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महागठबंधन के प्रदर्शन के दौरान नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का अलग अंदाज देखने को मिला। राजभवन की ओर मार्च कर रहे तेजस्वी पुलिस की बैरिकेडिंग पर चढ़ गए। यह तस्वीर दिल्ली में हालिया प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी के बैरिकेड पर चढ़ने की घटना की याद दिलाती नजर आई।

    राजभवन की ओर बढ़ रहा था महागठबंधन का मार्च

    महागठबंधन के नेता और कार्यकर्ता पटना में ‘आक्रोश मार्च’ निकालते हुए लोकभवन की ओर बढ़ रहे थे। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए कई जगह बैरिकेड लगाए थे। विधानसभा के पास पहुंचने पर जब तेजस्वी यादव को आगे किया गया तो वह बैरिकेड के ऊपर चढ़ गए। हालांकि, वह बैरिकेड पर आगे नहीं बढ़ सके। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद रहे।

    ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग

    प्रदर्शन के दौरान तेजस्वी यादव ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग दोहराई। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR के जरिए वोट चोरी की गई और चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित किया गया। विपक्ष लगातार SIR की प्रक्रिया को लेकर चुनाव आयोग पर सवाल उठाता रहा है।

    तेजस्वी ने कहा कि विपक्ष लोकतंत्र और निष्पक्ष चुनाव के लिए संघर्ष कर रहा है। महागठबंधन की मांग है कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर उठे सवालों का जवाब दिया जाए और मतदाता सूची से जुड़े विवादों को दूर किया जाए।

    कई नेता हिरासत में

    मार्च के दौरान पुलिस ने तेजस्वी यादव, मुकेश सहनी और मीसा भारती समेत कई नेताओं को हिरासत में लिया। हालांकि पटना पुलिस के अनुसार तेजस्वी यादव को औपचारिक रूप से गिरफ्तार नहीं किया गया था और उन्हें अन्य नेताओं के साथ पुलिस वाहन से लोकभवन ले जाया गया। प्रदर्शन के दौरान एक पूर्व विधायक के बेहोश होने की भी खबर सामने आई।

    महागठबंधन का यह प्रदर्शन बुधवार को राज्यभर में हुए विरोध प्रदर्शनों की अगली कड़ी था। विपक्ष ने CEC के इस्तीफे और SIR को लेकर अपना आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया है।

    RELATED ARTICLES

    Most Popular

    Recent Comments