अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए टी20 विश्वकप 2026 के फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से करारी शिकस्त देकर तीसरी बार टी20 वर्ल्ड चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। इस ऐतिहासिक जीत के साथ ही सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम ने इतिहास रच दिया है।
भारत का रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन
टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की उम्मीदों पर भारतीय बल्लेबाजों ने पानी फेर दिया। भारत ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 255 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया, जो टी20 विश्वकप फाइनल के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। अभिषेक शर्मा (52 रन) और संजू सैमसन (89 रन) ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए बेहतरीन शुरुआत दिलाई। संजू सैमसन ने अपनी आक्रामक पारी में 8 छक्के जड़े। अंत में शिवम दुबे की नाबाद 26 रनों की तूफानी पारी की बदौलत भारत 250 का आंकड़ा पार करने में सफल रहा। कीवी गेंदबाज जेम्स नीशम ने 3 विकेट लिए।
कीवी टीम ताश के पत्तों की तरह ढही
256 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं पाई। पूरी टीम 19 ओवर में महज 159 रनों पर सिमट गई। कीवी टीम के लिए टिम साइफर्ट (52 रन) और मिचेल सैंटनर (43 रन) ने कुछ संघर्ष किया, लेकिन अन्य बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी मुश्किल से छू पाए।
तीसरी बार सिर सजा ताज
यह भारत की टी20 विश्वकप में तीसरी खिताबी जीत है। इससे पहले भारत ने 2007 में पहला संस्करण और 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में खिताब जीता था। अब सूर्यकुमार यादव भी विश्व विजेता कप्तानों की विशेष सूची में शामिल हो गए हैं। फाइनल मैच में मिली यह 96 रनों की जीत रनों के अंतर से टी20 वर्ल्ड कप फाइनल की सबसे बड़ी जीत दर्ज की गई है। इस शानदार जीत ने देशभर के क्रिकेट प्रशंसकों में जश्न का माहौल बना दिया है।


