More
    HomeHindi Newsसूर्यकुमार यादव ने तोड़ी चुप्पी, टीम से बाहर करने और कप्तानी छिनने...

    सूर्यकुमार यादव ने तोड़ी चुप्पी, टीम से बाहर करने और कप्तानी छिनने पर यह कहा

    भारतीय टी20 टीम के पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भारत को टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जिताने के बाद टीम से बाहर किए जाने और कप्तानी छीने जाने पर आखिरकार अपनी चुप्पी तोड़ी है। पूर्व भारतीय क्रिकेटर आकाश चोपड़ा के साथ उनके यूट्यूब चैनल पर हुई बातचीत में सूर्या ने इस फैसले से जुड़ी कई चौंकाने वाली बातें साझा कीं। सूर्या ने खुलासा किया कि टीम की घोषणा होने से दो-तीन दिन पहले चयनकर्ताओं का उनके पास फोन आया था और उनसे कहा गया था कि अब ‘आगे बढ़ने का समय है’।

    ‘जब कप्तानी से हटाया, तो चेहरे पर मुस्कान थी’

    सूर्यकुमार यादव ने बताया कि जब उन्होंने टीम लिस्ट में अपना नाम नहीं देखा, तो वे हैरान होने की बजाय मुस्कुरा दिए थे। सूर्या ने कहा, “मैंने 2026 में आकर यही सोचा था कि मैं इस टीम को अगले दो साल (2028 तक) आगे ले जाऊंगा, जहां ओलंपिक्स और अगला टी20 वर्ल्ड कप हमारे सामने चुनौती थे। लेकिन आप क्या सोचते हैं और दूसरा क्या सोचता है, ये दो अलग बातें हैं। सेलेक्टर्स को लगा कि यह टीम के लिए सही फैसला है, तो उन्होंने फैसला लिया।” उन्होंने आगे कहा, “निराशा इसलिए थी क्योंकि हमने दो साल में एक भी सीरीज नहीं हारी थी। जब सब कुछ ठीक चल रहा था, तो अचानक बदलाव की क्या जरूरत थी? यही बात मेरे दिमाग में घूमती रही।”

    ’40-50 दिन घर पर बैठा रहा, समझ नहीं आ रहा था क्या करूं’

    टीम से ड्रॉप होने और कप्तानी से अचानक हटाए जाने के झटके के बाद सूर्या ने कहा कि वे करीब डेढ़ महीने (40-50 दिन) तक सदमे में घर पर ही बैठे रहे।सूर्या ने बताया कि उनकी पत्नी ने उन्हें इस निराशा से बाहर निकाला। उन्होंने सूर्या से कहा कि वे उस लगन और जुनून को याद करें जो 13-15 साल की उम्र में क्रिकेट की शुरुआत करते वक्त था। पत्नी ने उन्हें याद दिलाया कि वे 5 वर्ल्ड कप खेल चुके हैं, दो बार आईसीसी टी20 प्लेयर ऑफ द ईयर रहे और अपनी कप्तानी में देश को वर्ल्ड कप जिताया है। इस सलाह के बाद उन्होंने अपनी क्रिकेट के प्रति पुरानी भूख और जुनून को वापस पाने का फैसला किया।

    आगे की राह और वापसी का संकल्प

    सूर्या ने यह स्पष्ट कर दिया कि चयनकर्ताओं के इस फैसले पर उन्होंने कोई तीखी प्रतिक्रिया नहीं दी, क्योंकि वे चयनकर्ताओं की सोच का सम्मान करते हैं।उन्होंने नए कप्तान श्रेयस अय्यर का समर्थन करते हुए कहा कि वे एक बेहतरीन कप्तान और खिलाड़ी हैं। वहीं, सूर्या अब घरेलू क्रिकेट और आगामी टूर्नामेंट्स के जरिए एक बार फिर मैदान पर अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से टी20 टीम इंडिया में जोरदार वापसी करने की कोशिश में जुटेंगे।

    RELATED ARTICLES

    Most Popular

    Recent Comments