HomeHindi NewsEntertainmentकेसरी वीर में सुनील-आदित्य का अंदाज.. फिल्म इस दिन होने वाली है...

केसरी वीर में सुनील-आदित्य का अंदाज.. फिल्म इस दिन होने वाली है रिलीज

सुनील शेट्टी और आदित्य पंचोली अपनी दमदार एक्टिंग के साथ फिल्म केसरी वीर में नजऱ आने वाले हैं। फिल्म में उनका अंदाज काफी प्रभावशाली और वीर रस से ओतप्रोत दिख रहा है, जैसा कि फिल्म के पोस्टर्स और टीजऱ से झलक मिलती है। दरअसल केसरी वीर एक ऐतिहासिक ड्रामा है, जो 14वीं शताब्दी के भारत पर आधारित है। फिल्म की कहानी सोमनाथ मंदिर को आक्रमणकारियों से बचाने वाले उन योद्धाओं की वीरता और बलिदान को दर्शाती है। सुनील शेट्टी फिल्म में एक महत्वपूर्ण योद्धा की भूमिका निभा रहे हैं, जिनका नाम वेग्दाजी है, जबकि सूरज पंचोली वीर हमीरजी गोहिल के किरदार में नजऱ आएंगे। विवेक ओबेरॉय फिल्म में खलनायक जफर की भूमिका में हैं, जो मंदिर को लूटने और धर्म परिवर्तन कराने के इरादे से आता है।

केमिस्ट्री और एक्शन सीन्स देखने लायक

फिल्म के टीजऱ और गानों को दर्शकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली है। खासकर भारतवर्ष एंथम गाने ने देशभक्ति का माहौल बना दिया है। फिल्म में सुनील शेट्टी और सूरज पंचोली के बीच की केमिस्ट्री और एक्शन सीन्स देखने लायक होंगे। आदित्य पंचोली भी फिल्म में एक महत्वपूर्ण भूमिका में दिखेंगे, हालांकि उनके किरदार के बारे में अभी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है।

दर्शकों को 23 मई का इंतजार

पहले यह फिल्म 16 मई, 2025 को रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब इसकी रिलीज की तारीख बदल दी गई है। नवीनतम जानकारी के अनुसार केसरी वीर अब 23 मई, 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म का निर्देशन प्रिंस धीमान ने किया है और इसे कनुभाई चौहान ने प्रोड्यूस किया है। यह फिल्म भारतीय इतिहास के एक महत्वपूर्ण अध्याय को बड़े पर्दे पर जीवंत करने का वादा करती है, जिसमें सुनील शेट्टी और आदित्य पंचोली का दमदार अभिनय दर्शकों को बांधे रखेगा। फिल्म देशभक्ति, वीरता और बलिदान की कहानी है, जो आज के युवाओं को भी प्रेरित कर सकती है। अब दर्शकों को 23 मई का इंतजार है, जब यह फिल्म सिनेमाघरों में दस्तक देगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments