HomeHindi Newsउत्तरकाशी में अचानक बाढ़ से भारी तबाही.. दर्जनों घर और होटल बह...

उत्तरकाशी में अचानक बाढ़ से भारी तबाही.. दर्जनों घर और होटल बह गए

उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में स्थित धराली गांव में खीरगंगा नदी में अचानक आई बाढ़ ने मंगलवार को भारी तबाही मचा दी। अचानक आई इस आपदा में कई लोगों के दबने की आशंका है और दर्जनों घर और होटल नदी के पानी में बह गए हैं।

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह घटना सुबह के समय हुई जब बादल फटने के बाद खीरगंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा। बाढ़ का पानी इतनी तेजी से आया कि लोगों को संभलने का मौका ही नहीं मिला। धराली मार्केट क्षेत्र को भारी नुकसान पहुंचा है। कई होटलों और होमस्टे में पानी घुसने से यात्रियों और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। सैलाब गांव की तरफ आते ही लोगों में चीख पुकार मच गई और कई होटलों में पानी और मलबा घुस गया है। बाढ़ से धराली बाजार पूरी तरह तबाह हो गया है।

स्थानीय प्रशासन को जैसे ही घटना की जानकारी मिली, बचाव और राहत दल तुरंत मौके पर रवाना हो गए। हालांकि, भूस्खलन और सड़कों पर आए मलबे के कारण बचाव कार्यों में बाधा आ रही है। इस घटना में कितने लोग हताहत हुए हैं, इसकी अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है, लेकिन कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है।

धराली गांव, गंगोत्री धाम यात्रा का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है और यहां आने वाले यात्रियों की संख्या काफी ज्यादा होती है। इस आपदा से पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की कोशिश कर रहा है। मौसम विभाग ने भी अगले कुछ दिनों तक राज्य में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है, जिससे लोगों की चिंता और बढ़ गई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments