कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की जिंदगी अब बड़े पर्दे पर दिखाई देने की तैयारी है। उनकी हाल ही में प्रकाशित आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ पर तेलुगु फीचर फिल्म बनाने का ऐलान किया गया है। तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी (TPCC) के कार्यकारी अध्यक्ष जग्गा रेड्डी ने गुरुवार को संगारेड्डी में पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक के दौरान यह घोषणा की। प्रस्तावित फिल्म में सोनिया गांधी के निजी जीवन, परिवार की मुश्किलों और उनके राजनीतिक सफर को दिखाया जाएगा। खास तौर पर प्रधानमंत्री पद का प्रस्ताव ठुकराने और कांग्रेस की कमान संभालने जैसे अहम घटनाक्रम फिल्म का हिस्सा हो सकते हैं।
फिल्म के लिए 2 करोड़ रुपये देने का ऐलान
जग्गा रेड्डी ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से फिल्म निर्माण के लिए आर्थिक सहयोग जुटाने की अपील की। इस दौरान संगारेड्डी विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस संयोजक जुलकांति अंजनेयुलु ने फिल्म के लिए दो करोड़ रुपये देने की घोषणा की।
जग्गा रेड्डी ने फिल्म की शुरुआती तैयारियों के लिए 50 सदस्यों की कमेटी बनाने का सुझाव भी दिया। इसकी निगरानी गांधी भवन के जनसंपर्क अधिकारी हरिप्रसाद करेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि जिस तरह चुनाव में खर्च किया जाता है, उसी तरह इस परियोजना के लिए भी बजट जुटाया जाए और एक अच्छे निर्देशक का चयन किया जाए।
उन्होंने बताया कि तैयारियां पूरी होने के बाद तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और TPCC अध्यक्ष महेश कुमार गौड़ को फिल्म की शूटिंग शुरू करने के कार्यक्रम में आमंत्रित किया जाएगा। हालांकि, अभी निर्देशक, कलाकारों और शूटिंग की तारीख की घोषणा नहीं हुई है।
इंदिरा गांधी की बहू से कांग्रेस अध्यक्ष तक का सफर
जग्गा रेड्डी के मुताबिक, फिल्म में सोनिया गांधी के जीवन के कई महत्वपूर्ण पड़ाव दिखाए जाएंगे। इसमें इटली से भारत आने के बाद उनके जीवन, पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की बहू और राजीव गांधी की पत्नी के रूप में उनकी भूमिका को प्रमुखता दी जाएगी। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की मां के तौर पर उनके पारिवारिक जीवन को भी कहानी में जगह मिलेगी।
फिल्म में इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की हत्याओं के बाद परिवार पर आए संकट और उन परिस्थितियों में सोनिया गांधी की भूमिका को भी दिखाया जाएगा। जग्गा रेड्डी ने कहा कि मुश्किल दौर में उन्होंने बच्चों की परवरिश की और बाद में राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई।
प्रधानमंत्री पद ठुकराने का प्रसंग भी होगा शामिल
जग्गा रेड्डी ने सोनिया गांधी के 2004 के फैसले का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए) की सरकार बनने के बाद कांग्रेस नेताओं ने सोनिया गांधी को प्रधानमंत्री बनाने की इच्छा जताई थी, लेकिन उन्होंने यह पद स्वीकार नहीं किया। इसके बजाय उन्होंने डॉ. मनमोहन सिंह को प्रधानमंत्री बनाने का समर्थन किया।
जग्गा रेड्डी ने इस फैसले को सोनिया गांधी के राजनीतिक जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव बताया। उन्होंने मनरेगा योजना के विचार में सोनिया गांधी, मनमोहन सिंह और राहुल गांधी की भूमिका का भी उल्लेख किया।
10 नवंबर को प्रकाशित हुई आत्मकथा
सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘Belonging: A Journey of Love’ 10 नवंबर को प्रकाशित हुई थी। किताब में उनके बचपन से लेकर भारत में बिताए जीवन और राजनीतिक अनुभवों का जिक्र है। अब इसके फिल्म रूपांतरण की घोषणा के बाद दर्शकों की नजरें इस बात पर रहेंगी कि पर्दे पर उनके जीवन के किन पहलुओं को किस अंदाज में प्रस्तुत किया जाता है। फिलहाल यह परियोजना शुरुआती योजना के चरण में है।


