महेंद्र सिंह धोनी के आईपीएल से खिलाड़ी के तौर पर संन्यास लेने की खबर ने करोड़ों क्रिकेट प्रशंसकों को भावुक कर दिया है। 19 साल तक आईपीएल में अपनी बल्लेबाजी, कप्तानी और शानदार विकेटकीपिंग से पहचान बनाने वाले माही अब मैदान पर खेलते नजर नहीं आएंगे। इस बीच उनकी पत्नी साक्षी धोनी ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा किया है। उन्होंने न सिर्फ अपने पति पर गर्व जताया, बल्कि वर्षों तक धोनी का साथ देने वाले प्रशंसकों का भी दिल से शुक्रिया अदा किया।
साक्षी ने इंस्टाग्राम पर धोनी की एक तस्वीर साझा की, जिसमें वह पहाड़ों के बीच खूबसूरत प्राकृतिक नजारे को निहारते दिखाई दे रहे हैं। इस तस्वीर के साथ उन्होंने एक लंबा भावुक संदेश लिखा। साक्षी ने लिखा, ‘कुछ अध्यायों को खत्म होना पड़ता है, ताकि खूबसूरत नए अध्यायों की शुरुआत हो सके। उन सभी लोगों का दिल से धन्यवाद, जिन्होंने वर्षों तक माही को प्यार दिया, उनका समर्थन किया और उन पर भरोसा जताया। फिर चाहे हम आपको व्यक्तिगत रूप से जानते हों या नहीं।’
उन्होंने आगे लिखा कि वह और उनका परिवार प्रशंसकों से मिले प्यार के हमेशा आभारी रहेंगे। साक्षी ने अपने संदेश का अंत करते हुए लिखा, ‘नई शुरुआत, नए रोमांच और कई खूबसूरत यादों के नाम। माही, मुझे तुम पर हमेशा गर्व रहेगा।’
धोनी के प्रशंसकों को दिया खास संदेश
साक्षी की इस पोस्ट में सबसे खास बात यह रही कि उन्होंने धोनी के संन्यास के मौके पर प्रशंसकों को भी याद किया। उन्होंने माना कि माही के क्रिकेट सफर में करोड़ों समर्थकों का प्यार और विश्वास हमेशा महत्वपूर्ण रहा है।
साक्षी की पोस्ट सामने आते ही सोशल मीडिया पर प्रशंसकों की प्रतिक्रियाएं आने लगीं। कई लोगों ने इसे धोनी के आईपीएल करियर के एक भावुक अंत के रूप में देखा। वहीं, प्रशंसकों ने साक्षी के संदेश पर भी खूब प्यार लुटाया।
2027 से CSK के मेंटर बनेंगे धोनी
चेन्नई सुपर किंग्स ने 17 नवंबर को आधिकारिक तौर पर धोनी के खिलाड़ी के रूप में आईपीएल से विदाई लेने की जानकारी दी। हालांकि, माही का चेन्नई की टीम से रिश्ता खत्म नहीं होगा। वह आईपीएल 2027 से फ्रेंचाइजी के मेंटर की भूमिका निभाएंगे।
धोनी ने 2008 में आईपीएल की शुरुआत के साथ ही चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी संभाली थी। उनकी अगुवाई में टीम ने 2010, 2011, 2018, 2021 और 2023 में पांच बार खिताब जीता।
19 साल के सफर का भावुक अंत
धोनी का आईपीएल सफर सिर्फ ट्रॉफियों और रिकॉर्ड तक सीमित नहीं रहा। उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स को एक अलग पहचान दिलाई और लाखों प्रशंसकों के दिलों में खास जगह बनाई। अब मैदान पर उनका हेलीकॉप्टर शॉट और आखिरी ओवरों में मैच खत्म करने का अंदाज देखने को नहीं मिलेगा।
हालांकि, मेंटर के रूप में उनकी नई पारी शुरू होगी। साक्षी के संदेश ने भी यही संकेत दिया कि धोनी के जीवन का एक अध्याय जरूर खत्म हुआ है, लेकिन आगे कई नई यादें और नई जिम्मेदारियां उनका इंतजार कर रही हैं।


