HomeHindi Newsप्रयागराज महाकुंभ : निर्माण कार्य युद्धस्तर पर.. होटल्स व होम स्टे की...

प्रयागराज महाकुंभ : निर्माण कार्य युद्धस्तर पर.. होटल्स व होम स्टे की बढ़ी मांग

उप्र के प्रयागराज में धार्मिक आस्था का सबसे बड़ा महासमागम महाकुंभ 2025 का आयोजन 13 जनवरी से होने वाला है। इस मेगा आयोजन के लिए महज ढाई माह का ही समय रह गया है। ऐसे में महाकुंभ 2025 को सीएम योगी के मार्गदर्शन में दिव्य, भव्य, नव्य और ग्रीन बनाने के कार्य प्रयागराज में जोर-शोर से चल रहे हैं। न केवल संगम क्षेत्र बल्कि पूरे शहर में निर्माण कार्य युद्धस्तर पर जारी हैं। शहर में सडक़ों, चौराहों, फ्लाईओवर, पार्कों और होटलों का निर्माण और सौंदर्यीकरण का कार्य हो रहा है। इस आयोजन को वैश्विक बनाने की तैयारी हो रही है। यही वजह है कि शहर में पिछले कुछ महीनों से कई राष्ट्रीय, अंतर्राष्ट्रीय कंस्ट्रक्शन कंपनियां डटी हुई हैं। इन कंपनियों के इंजीनियर, अधिकारियों और कर्मचारियों के शहर में ठहरने की जरूरत ने प्रयागराज निवासियों, होटल और मकान मालिकों को आय का नया स्रोत प्रदान किया है। ऐसे में होटल्स और होम स्टे की मांग अभी से बढ़ गई है।

मकान, होटल व होम स्टे की जरूरत पड़ रही

प्रयागराज में महाकुंभ को लेकर पूरे शहर, आसपास व मेला क्षेत्र में कई निर्माण कार्य चल रहे हैं। सीएम योगी के निर्देश के अनुरूप सभी निर्माण व सौंदर्यीकरण के कार्य 15 दिसंबर तक पूरे करने हैं। कई सरकारी व निजी कंस्ट्रक्शन कंपनियां शहर में अपने प्रोजेक्टस तेजी से पूरे करने में जुटी हैं। इन कंपनियों के अधिकारियों और कर्मचारियों को शहर में ठहरने के लिये किराए के मकान, होटल व होम स्टे की जरूरत पड़ रही है। शहर में वेल फर्निश्ड, नॉन फर्निश्ड मकानों की मांग बढ़ी है। प्रापर्टी डीलर्स का कहना है कि उनके पास बड़ी संख्या में क्वेरी आ रही है। कई मकान मालिक अपने खाली पड़े कमरों और मकानों को होम स्टे के रूप में बदल रहे हैं। यहां लोगों को रहने, खाने व अन्य दैनिक जरूरतों की सुविधाएं भी दी जा रही हैं। रेस्टोरेंट्स व टिफिन संचालकों की भी आमदनी बढ़ी है।

प्रयागवासियों को मिलने लगा रोजगार

महाकुंभ 2025 को लेकर शहर के सभी होटल्स व रेस्टोरेंट संचालक उत्साहित हैं। वे अपने-अपने होटल्स और रेस्टोरेंट में महाकुंभ के मुताबिक सुविधाओं का निर्माण करा रहे हैं। शहर के होटल्स में कई नेशनल और मल्टीनेशनल कंपनियों के लिए कमरे बुक हैं। उनके कई अधिकारी पिछले कई दिनों से यहां रह भी रहे हैं। प्रयागराजवासियों को आय के नये स्रोत मिलने से रोजगार मिलने लगा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments