HomeHindi Newsप्रयागराज महाकुंभ : उद्यानों का किया जा रहा सौंदर्यीकरण.. 495.97 लाख का...

प्रयागराज महाकुंभ : उद्यानों का किया जा रहा सौंदर्यीकरण.. 495.97 लाख का बजट जारी

प्रयागराज में 2025 में आयोजित महाकुंभ के लिए लगभग दो माह ही शेष रह गए हैं। ऐसे में प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार युद्ध स्तर पर तैयारियां कर रही है। कुंभ क्षेत्र के अंदर उच्च स्तरीय सुविधाओं के विकास का प्रयास जारी हैं। कुंभ क्षेत्र के बाहर शहर को भव्य स्वरूप देने के लिए सडक़ों, चौराहों से लेकर शहर की दीवारों तक को कुंभ की पौराणिकता में रंगने की कवायद चल रही है। कुंभ नगरी प्रयागराज के पार्कों का सौंदर्यीकरण किया जा रहा है, ताकि महाकुंभ आने वाले श्रद्धालु यहां का भ्रमण कर सकें। इसके लिए 495.97 लाख रुपये का का बजट जारी किया गया है।

6 प्रमुख पार्कों का सौंदर्यीकरण

उद्यान विभाग की ओर से प्रयागराज के छह प्रमुख पार्कों का सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। सरकार ने 495.97 लाख का बजट जारी कर दिया है। टेंडर की प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है। शहीद चंद्र शेखर आजाद पार्क, खुसरो बाग, सर्किट हाउस पार्क, बोर्ड ऑफ रेवेन्यू पार्क, हाईकोर्ट परिसर पार्क और टीबी सप्रू हॉस्पिटल पार्क को जल्द ही सजाया-संवारा जाएगा। सबसे अधिक 276.89 लाख का बजट आजाद पार्क के लिए है। खुसरो बाग के 59.09, हाईकोर्ट के लिए 44.18, सर्किट हाउस के लिए 37.58 लाख, रेवेन्यू बोर्ड के लिए 33.13 लाख और टीबी सप्रू हॉस्पिटल के लिए 30.34 लाख का बजट आवंटित किया गया है।

गुलाब वाटिका बनाई जाएंगी

पार्कों में गुलाब वाटिका बनाई जाएगी तो टवेयरी और रॉकेरी का निर्माण होगा। पार्कों को शाम के समय खास लुक देने के लिए आधुनिक प्रकाश व्यवस्था भी की जाएगी। पार्कों में बोलार्ड लाइट, एलईडी स्टिंग लाइट, सोलर डेकोरेटिव लाइट और एलईडी रोप लाइट भी लगाई जाएंगी। महाकुंभ आने वाले पर्यटक और श्रद्धालु कुंभ क्षेत्र में भ्रमण करने के बाद शहरी क्षेत्र में इन पार्कों की खूबसूरती भी देख सकेंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments