HomeHindi Newsशाहरुख की टीम से खेलते हुए पोलार्ड ने मचाया धमाल; 8 गेंदों...

शाहरुख की टीम से खेलते हुए पोलार्ड ने मचाया धमाल; 8 गेंदों में 7 छक्के जड़कर गेंदबाजों को रुलाया

संन्यास के बाद भी विध्वंसक ऑलराउंडर कायरन पोलार्ड का जलवा बरकरार है। इंडियन प्रीमियर लीग और इंटरनेशनल क्रिकेट से दूर हो चुके 38 वर्षीय पोलार्ड ने कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL) में अपनी बल्लेबाजी से एक बार फिर सनसनी फैला दी है। शाहरुख खान की टीम त्रिनबागो नाइटराइडर्स के लिए खेलते हुए उन्होंने सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियट्स के खिलाफ 8 गेंदों में 7 छक्के लगाकर विपक्षी गेंदबाजों का ‘बुखार’ उतार दिया।

त्रिनिदाद के तारोबा स्थित ब्रायन लारा स्टेडियम में खेले गए सीपीएल 2025 के 19वें मुकाबले में पोलार्ड का बल्ला जमकर गरजा। उन्होंने पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 29 गेंदों पर 65 रनों की धुआंधार पारी खेली। इस पारी में उन्होंने 2 चौके और 8 गगनचुंबी छक्के लगाए, जिसमें से 5 तो लगातार गेंदों पर आए थे। इस तरह, उन्होंने सिर्फ 8 गेंदों में 42 रन ठोक दिए, जो एक चौंकाने वाला आंकड़ा है। उन्होंने निकोलस पूरन (38 गेंदों पर 52 रन) के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 8.1 ओवर में 90 रनों की अहम साझेदारी भी की।

पोलार्ड ने अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से नवियन बिदाईसी और वकार सलामखेल को खास तौर पर निशाना बनाया और दोनों गेंदबाजों के खिलाफ चार-चार छक्के लगाए। उनकी इस पारी ने टीम को मजबूत स्थिति में पहुँचा दिया और पॉइंट्स टेबल में शाहरुख खान की टीम त्रिनबागो नाइटराइडर्स नंबर 1 पर बनी हुई है। इस मैच में पोलार्ड ने एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया। वह सीपीएल में 3000 रन पूरे करने वाले दुनिया के तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले सिर्फ जॉनसन चार्ल्स और आंद्रे फ्लेचर ने ही यह उपलब्धि हासिल की है। पोलार्ड की यह पारी साबित करती है कि उम्र सिर्फ एक नंबर है और उनमें आज भी बड़े-बड़े मैच पलटने की क्षमता है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments