दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की एक फ्लाइट में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब विमान से आपातकालीन और संभावित हाईजैकिंग से जुड़ा सिग्नल भेजा गया। विमान में करीब 180 यात्री सवार थे। सिग्नल मिलने के बाद इजरायली सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं और संभावित अपहरण की आशंका में लड़ाकू विमानों को भी रवाना किया गया। हालांकि, बाद में सामने आया कि हाईजैकिंग नहीं हुई थी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, विमान के दोनों पायलटों के बीच हुई कथित हाथापाई के दौरान यह अलर्ट ट्रिगर हुआ। विमान को सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार लिया गया।
पहले भेजा सामान्य इमरजेंसी सिग्नल
फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 दुबई से तेल अवीव के लिए रवाना हुई थी। फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के अनुसार, विमान ने पहले स्क्वॉक 7700 सिग्नल प्रसारित किया। यह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सामान्य आपात स्थिति का संकेत होता है। इसके कुछ समय बाद विमान से स्क्वॉक 7500 कोड भेजा गया, जिसे विमान के अपहरण या किसी तरह के गैरकानूनी हस्तक्षेप का संकेत माना जाता है।
इस दूसरे सिग्नल ने इजरायली अधिकारियों की चिंता बढ़ा दी। संभावित हाईजैकिंग को ध्यान में रखते हुए इजरायली वायुसेना के लड़ाकू विमानों को विमान की ओर भेजा गया। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज समेत अधिकारियों ने स्थिति पर तत्काल बैठक की।
सऊदी अरब की ओर मोड़ा गया विमान
घटना के दौरान विमान ने अपना रास्ता बदला और सऊदी अरब के तबुक की ओर चला गया। विमान कुछ समय के लिए जॉर्डन के हवाई क्षेत्र के ऊपर भी चक्कर लगाता दिखाई दिया। इसके बाद इसे तबुक एयरपोर्ट पर उतारा गया। रिपोर्टों के मुताबिक, विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित रहे।
हाईजैक नहीं, पायलटों के बीच हुआ झगड़ा
शुरुआती आशंका के विपरीत, बाद की रिपोर्टों में इजरायली सुरक्षा अधिकारियों के हवाले से बताया गया कि विमान के अपहरण की घटना नहीं हुई थी। कथित तौर पर कॉकपिट में दोनों पायलटों के बीच विवाद और हाथापाई हुई, जिसके दौरान हाईजैकिंग से जुड़ा कोड प्रसारित हो गया। हालांकि, दोनों के बीच विवाद किस वजह से हुआ, इसकी विस्तृत जानकारी तत्काल सामने नहीं आई थी। घटना की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
कुछ देर के लिए बढ़ गया था तनाव
विमान में बड़ी संख्या में इजरायली यात्री होने के कारण घटना ने इजरायल में सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी। संभावित अपहरण की आशंका को देखते हुए सुरक्षा तंत्र ने तत्काल प्रतिक्रिया दी। बाद में विमान के सुरक्षित सऊदी अरब पहुंचने और हाईजैकिंग की आशंका खारिज होने के बाद स्थिति सामान्य हुई।
अमेरिकी समाचार एजेंसी AP के अनुसार, सभी यात्री सुरक्षित बताए गए हैं और यात्रियों को वापस लाने के प्रयास किए जा रहे थे। वहीं, घटना की पूरी वजह और कॉकपिट में हुए विवाद के बारे में आधिकारिक जांच के बाद ही अधिक जानकारी स्पष्ट होने की उम्मीद है।


