HomeHindi NewsEntertainmentनाली टूटने जैसी समस्याएं लेकर आते हैं लोग, 14 महीने में ही...

नाली टूटने जैसी समस्याएं लेकर आते हैं लोग, 14 महीने में ही कंगना का राजनीति से मोहभंग?

14 महीने पहले ही राजनीति में कदम रखने वाली मंडी से बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने अपने दिल की बात कही, जिससे ये अटकलें तेज हो गई हैं कि उनका राजनीति से मोहभंग हो रहा है। कंगना ने कहा कि लोग उनके पास नाली टूटने जैसी छोटी-छोटी समस्याएं लेकर आते हैं, जबकि उनका मानना था कि वे बड़े मुद्दों पर काम करेंगी। उनके इस बयान को राजनीति की वास्तविकताओं से उनकी निराशा के तौर पर देखा जा रहा है। उन्होंने यह भी ज़ाहिर किया कि उन्हें उम्मीद थी कि सांसद बनने के बाद वह देश के लिए कुछ बड़े फैसले लेने में सहयोग कर पाएंगी, लेकिन जमीनी स्तर पर उन्हें रोजमर्रा की शिकायतों से जूझना पड़ रहा है।

कंगना ने दो टूक कहा, राजनीति ने उन्हें बिल्कुल भी खुशी नहीं दी है। सोशल वर्क कभी भी मेरी पृष्ठभूमि नहीं रही। मैंने बहुत स्वार्थी किस्म का जीवन जिया है। एक बड़ा घर, एक बड़ी कार, डायमंड वाली जूलरी चाहती हूं। मैं अच्छी दिखना चाहती हूँ। मैंने इसी तरह का जीवन जिया है। लोग उनके पास टूटी सड़कों जैसी समस्याओं के साथ आते हैं। मैं उन्हें बताती हूं कि यह राज्य सरकार का मुद्दा है, और वे कहते हैं, ‘आपके पास पैसा है, आप अपना पैसा ही इस्तेमाल करें।

हालांकि, कंगना ने सीधे तौर पर राजनीति छोड़ने की बात नहीं कही है, लेकिन उनके बयान से यह स्पष्ट है कि उन्हें राजनीति में आने के बाद कुछ अलग तरह की अपेक्षाएं थीं। सोशल मीडिया पर उनके इस बयान को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। कुछ लोग इसे राजनीति की सच्चाई करार दे रहे हैं, तो कुछ उनके बयान को अहंकारपूर्ण मान रहे हैं। यह देखना दिलचस्प होगा कि कंगना रनौत का राजनीतिक करियर किस दिशा में आगे बढ़ता है, खासकर तब जब उन्होंने लोकसभा चुनाव में बड़ी जीत हासिल की है. क्या वह इन चुनौतियों को स्वीकार कर आगे बढ़ेंगी या फिर उनके राजनीतिक सफर पर विराम लग जाएगा?

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments