HomeHindi NewsHaryanaपवन खेड़ा जलेबियां बांट रहे थे, अब गरिया रहे.. भाजपा का तंज,...

पवन खेड़ा जलेबियां बांट रहे थे, अब गरिया रहे.. भाजपा का तंज, उद्धव गुट की भी नसीहत

हरियाणा में गच्चा खा रही कांग्रेस की अब बोलती बंद हो गई है। नतीजे आने से पहले कांग्रेस के दिल्ली कार्यालय में जश्न का माहौल था, जलेबियां और लड्डू बांटने की तैयारी थी, लेकिन सब कुछ धरा का धरा रह गया। हरियाणा में भाजपा 50 सीटें जीतती दिख रही है तो कांग्रेस को 35 सीटें मिलती नजर आ रही हैं। भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने तंज कसते हुए कहा कि सुबह 8.30-9 बजे पवन खेड़ा जलेबियां बांट रहे थे। 11-11.30 आते-आते इनके प्रवक्ता चुनाव आयोग को गरियाने लगे। 12 बजे आते-आते जयराम रमेश देश की संस्था पर सवाल उठाने लगे और 2 बजे आते-आते देश की जनता के विवेक पर भी सवाल उठाने का काम कांग्रेस पार्टी जरूर करेगी।

राहुल गांधी की दुकान बंद

शहजाद ने कहा कि चाहे हरियाणा हो या जम्मू-कश्मीर, जनता ने कांग्रेस पार्टी को एक संदेश साफ-साफ दे दिया है कि पहलवान, जवान, नौजवान और किसान सभी पीएम मोदी का सम्मान करते हैं और राहुल गांधी की नफरत की दुकान है। इसलिए हरियाणा में जनता ने राहुल गांधी की मोहब्बत की तथाकथित दुकान को बंद कर दिया है। पीएम मोदी के नेतृत्व में हरियाणा में हमारी तीसरी बार सरकार बन रही है। ये ऐतिहासिक विजय है।

प्रियंका की नसीहत, रणनीति पर गौर करे कांग्रेस

शिवसेना (यूबीटी) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि अभी नतीजे पूरी तरह से नहीं आए हैं, लेकिन जिस तरह से चीजें चल रही हैं, उससे लगता है कि इतनी एंटी-इनकंबेंसी के बावजूद अगर भाजपा सरकार बना रही है तो मैं उन्हें बधाई देती हूं कि उन्होंने इतने अच्छे से प्रचार किया कि गुस्से के बावजूद लोगों ने उन्हें वोट दिया, यानी भाजपा पर भरोसा रखा। उन्होंने कहा कि कहीं न कहीं कांग्रेस को भी अपनी रणनीति पर गौर करना होगा कि जब भाजपा से उनका सीधा मुकाबला होता है तो वे कहां कमजोर पड़ जाते हैं। ऐसा क्यों है और इस पर काम करें। हालांकि अभी नतीजे आना बाकी हैं। जयराम रमेश के बयान पर प्रियंका ने कहा कि अगर इस तरह का दबाव बनाया जा रहा है, तो कहीं न कहीं चुनाव आयोग की पूरी मशीनरी को निष्पक्ष होने की जरूरत है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments