HomeHindi Newsपाकिस्तान का धोखा : युद्ध विराम बढ़ाकर अफगानिस्तान पर किए हवाई हमले,...

पाकिस्तान का धोखा : युद्ध विराम बढ़ाकर अफगानिस्तान पर किए हवाई हमले, 8 क्रिकेटरों की मौत

पाकिस्तान और अफगान तालिबान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। शुक्रवार देर शाम पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के पक्तिका प्रांत के कई जिलों में हवाई हमले किए, जिसके कुछ ही घंटों पहले दोनों पक्षों ने 48 घंटे के युद्धविराम को आगे बढ़ाने पर सहमति जताई थी।

अफगानिस्तान के मीडिया आउटलेट टोलो न्यूज के अनुसार, इन हवाई हमलों में रिहायशी घरों को निशाना बनाया गया है। इन हमलों में महिलाओं और बच्चों सहित कई लोग मारे गए हैं। रिपोर्टों के अनुसार, मरने वालों में क्लब स्तर के आठ लोग शामिल थे, जिनमें से अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने तीन क्रिकेट खिलाड़ियों- कबीर, सिबगतुल्लाह और हारून की मौत की पुष्टि की है। टोलो न्यूज ने पहले आठ क्रिकेट खिलाड़ियों की मौत की जानकारी दी थी।

ये खिलाड़ी पक्तिका के केंद्र शारान से एक मैच खत्म करने के बाद अरगुन जिले लौट रहे थे, तभी उन्हें बमबारी का निशाना बनाया गया। एसीबी के अनुसार, ये तीनों खिलाड़ी उरगुन जिले के थे, जो एक दोस्ताना मैच खेलने के बाद घर लौट रहे थे, तभी एक सभा के दौरान उन्हें निशाना बनाया गया। इस घटना के बाद, एसीबी ने अगले महीने पाकिस्तान और श्रीलंका के साथ होने वाली त्रिकोणीय टी20 सीरीज से हटने का फैसला किया है।

अफगान तालिबान ने इस हमले को संघर्ष विराम का उल्लंघन बताते हुए पाकिस्तान को चेतावनी दी है कि इसका जवाब दिया जाएगा। एक वरिष्ठ तालिबान अधिकारी ने कहा कि पाकिस्तान ने पक्तिका में तीन जगहों पर बमबारी की है। वहीं, पाकिस्तानी सुरक्षा अधिकारियों ने दावा किया है कि हवाई हमले में अफगान तालिबान सैनिकों की एक ब्रिगेड को निशाना बनाया गया था और दर्जनों सैनिक मारे गए।

इससे पहले, सप्ताह की शुरुआत में पाकिस्तान ने कंधार के स्पिन बोल्डक जिले में बड़ा हवाई हमला किया था, जिसमें तालिबान के अनुसार मरने वालों की संख्या 40 तक पहुंच गई थी, जबकि 170 से अधिक घायल हुए थे। दोनों देशों के बीच लड़ाई 11 अक्टूबर की रात तब शुरू हुई, जब अफगान बलों ने पाकिस्तान की सैन्य चौकियों पर हमला किया। यह हमला टीटीपी के मुखिया नूर वली महसूद को निशाना बनाकर काबुल पर किए गए पाकिस्तान के हवाई हमले के जवाब में था।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments