More
    HomeHindi NewsEntertainment'भारत भाग्य विधाता' का मोशन पोस्टर रिलीज, 'नर्स' के अवतार में दिखीं...

    ‘भारत भाग्य विधाता’ का मोशन पोस्टर रिलीज, ‘नर्स’ के अवतार में दिखीं कंगना रनौत, जानें कब देगी दस्तक

    बॉलीवुड अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत की आगामी फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ (Bharat Bhhagya Viddhaata) का पहला ऑफिशियल मोशन पोस्टर रिलीज कर दिया गया है। ‘द अनसीन हीरोज’ (The Unseen Heroes) टाइटल वाले इस मोशन पोस्टर में कंगना का बेहद दमदार और इंटेंस लुक नजर आ रहा है, जिसे सोशल मीडिया पर फैंस का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है। पोस्टर देखने के बाद नेटिजन्स का कहना है कि कंगना एक बार फिर एक बेहद संवेदनशील और शक्तिशाली कहानी के साथ पूरी तैयारी में लौट रही हैं।

    कैसा है कंगना का लुक?

    जारी किए गए मोशन पोस्टर में कंगना रनौत एक नर्स की यूनिफॉर्म पहने नजर आ रही हैं। उनके चेहरे पर चोट के निशान और गालों पर खून लगा हुआ है। वह चारों तरफ लगी आग और मलबे के बीच से गुजरते हुए अपने एक मरीज की जान बचाकर ले जाती दिख रही हैं। कंगना ने इस पोस्टर को शेयर करते हुए एक बेहद भावुक कैप्शन लिखा, “कुछ खास करके, आम ही कहलाते। वो दिखते तो हैं, पर नजर नहीं आते..।”

    26/11 के गुमनाम नायकों पर आधारित है कहानी

    यह फिल्म मुंबई में हुए 26/11 के आतंकवादी हमलों के दौरान कामा एंड एलब्लेस अस्पताल (Cama and Albless Hospital) में घटी सच्ची घटनाओं पर आधारित है। फिल्म में उस खौफनाक रात की कहानी दिखाई जाएगी जब अस्पताल के डॉक्टरों, नर्सों, वार्ड बॉय, सफाईकर्मियों और सुरक्षाकर्मियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर करीब 400 मरीजों की जान बचाई थी।

    फिल्म को लेकर कंगना ने कहा कि यह उन अदृश्य आत्माओं को सलाम है जो संकट के समय मानवता की सबसे मजबूत दीवार बनकर खड़ी हो जाती हैं। असली बहादुरी को किसी मेडल या पहचान की जरूरत नहीं होती।

    फैंस ने कहा- ‘इस बार तैयारी पूरी है’

    मोशन पोस्टर के रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर फैंस कंगना के अभिनय और विषय चयन की तारीफ कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, “सच्ची राष्ट्रवादी और पावरहाउस एक्टर, कंगना मैम हमेशा जरूरी कहानियां पर्दे पर लाने के लिए शुक्रिया।” वहीं एक अन्य यूजर ने कमेंट किया, “पोस्टर देखकर लग रहा है कि इस बार तैयारी पूरी है, अनसीन हीरोज की इस कहानी का इंतजार रहेगा।”

    12 जून को सिनेमाघरों में दस्तक देगी फिल्म

    मनोज तापड़िया द्वारा लिखित और निर्देशित इस फिल्म में कंगना के साथ गिरिजा ओक, स्मिता तांबे, प्रिया बेर्डे और सुहिता थत्ते जैसे कई कलाकार नजर आएंगे। यह फिल्म 12 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है। हालांकि, बॉक्स ऑफिस पर इसकी सीधी टक्कर इम्तियाज अली की ‘मैं वापस आऊंगा’ और मनोज बाजपेयी की ‘गवर्नर’ जैसी फिल्मों से होगी।

    RELATED ARTICLES

    Most Popular

    Recent Comments