बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान की आगामी फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ का ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। फिल्म में सलमान खान एक भारतीय सेना के अधिकारी की भूमिका निभा रहे हैं। ट्रेलर में देशभक्ति, युद्ध, भावनात्मक दृश्य और एक्शन की झलक दिखाई गई है। हालांकि, दर्शकों का एक वर्ग इसे पसंद कर रहा है, वहीं बड़ी संख्या में यूजर्स ने सलमान की एक्टिंग, डायलॉग डिलीवरी और विजुअल इफेक्ट्स पर सवाल उठाए हैं। खासतौर पर ट्रेलर में कथित AI जनरेटेड दृश्यों के इस्तेमाल को लेकर बहस छिड़ गई है।
4 मिनट 35 सेकंड के ट्रेलर में दिखी युद्ध की झलक
फिल्म का ट्रेलर करीब 4 मिनट 35 सेकंड लंबा है। इसकी कहानी जून 2020 में गलवान घाटी में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हुई झड़प से प्रेरित है। ट्रेलर में सलमान खान भारतीय सेना के कर्नल के किरदार में नजर आते हैं। वह युद्ध की परिस्थितियों के बीच अपने सैनिकों के साथ खड़े दिखाई देते हैं।
ट्रेलर में एक्शन के साथ सैनिकों के संघर्ष, परिवार से दूरी और युद्ध के मानवीय नुकसान को भी दिखाने की कोशिश की गई है। फिल्म का निर्देशन अपूर्व लाखिया ने किया है। इसमें सलमान के साथ चित्रांगदा सिंह, मुकेश ऋषि, अंकुर भाटिया और अन्य कलाकार भी नजर आएंगे।
सलमान की एक्टिंग और डायलॉग डिलीवरी पर निशाना
ट्रेलर सामने आने के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कई यूजर्स ने सलमान खान के अभिनय की आलोचना की। कुछ लोगों ने उनके चेहरे के भाव और आवाज के उतार-चढ़ाव को किरदार के अनुरूप नहीं बताया। एक यूजर ने लिखा कि डायलॉग ज्यादा हैं, लेकिन कहानी का प्रभाव कम नजर आ रहा है।
वहीं, कुछ दर्शकों का कहना है कि सलमान अपने पुराने अंदाज से बाहर नहीं निकल पाए हैं। लोगों ने उनकी तुलना ‘सुल्तान’ और ‘वांटेड’ जैसी फिल्मों के किरदारों से करते हुए बेहतर स्क्रिप्ट चुनने की सलाह भी दी।
AI और VFX को लेकर भी नाराजगी
फिल्म के ट्रेलर में दिखाए गए युद्ध के दृश्यों और विजुअल इफेक्ट्स को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। कुछ यूजर्स ने आरोप लगाया कि कई दृश्य AI की मदद से तैयार किए गए लगते हैं। यहां तक कि कुछ दर्शकों ने चीनी सैनिकों और सलमान के कुछ दृश्यों को भी AI जनरेटेड बताया है।
इसके अलावा ट्रेलर की लंबाई को लेकर भी शिकायत की गई है। दर्शकों के एक वर्ग का मानना है कि 4 मिनट से ज्यादा लंबे ट्रेलर में फिल्म की कहानी के कई अहम हिस्से पहले ही दिखा दिए गए हैं। इससे सिनेमाघरों में फिल्म देखने का रोमांच कम हो सकता है।
फैंस को पसंद आया सलमान का देशभक्ति वाला अंदाज
हालांकि, ट्रेलर को पूरी तरह नकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं मिली है। सलमान खान के प्रशंसकों ने उनके नए लुक, दमदार संवाद और देशभक्ति के विषय की तारीफ की है। कुछ यूजर्स ने इसे उम्मीद से बेहतर बताते हुए फिल्म को लेकर उत्साह जताया है।
4 दिसंबर को रिलीज होगी फिल्म
‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ पहले ‘बैटल ऑफ गलवान’ नाम से बनाई जा रही थी। बाद में इसका नाम बदल दिया गया। फिल्म 4 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। अब देखना होगा कि ट्रेलर को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रिया के बाद फिल्म दर्शकों की उम्मीदों पर कितनी खरी उतरती है।


