HomeHindi Newsडीएमके-कांग्रेस पर हमलावर रहे मोदी.. तमिलनाडु पर इसलिए है भाजपा का फोकस

डीएमके-कांग्रेस पर हमलावर रहे मोदी.. तमिलनाडु पर इसलिए है भाजपा का फोकस

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तमिलनाडु में चुनावी सभा करते हुए डीएमके और कांग्रेस को निशाने पर रखा। एआईडीएमके पर वे कुछ नहीं बोले। दरअसल भाजपा को साउथ से ज्यादा सीटें नहीं मिलती हैं। इसलिए इस बार पूरा जोर तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश पर है। मोदी ने कहा कि मैं तमिलनाडु की धरती पर बहुत बड़े परिवर्तन की आहट देख रहा हूं। तमिलनाडु में भाजपा का प्रदर्शन इस बार डीएमके और कांग्रेस के इंडी गठबंधन का सारा घमंड तोड़ कर रख देगा।
महिला विरोधी है इंडी गठबंधन
पीएम मोदी ने कहा कि तमिलनाडु के लोग जानते हैं कि डीएमके के लोगों ने राज्य की पूर्व सीएम जयललिता के साथ कैसा व्यवहार किया। डीएमके नेताओं ने महिला आरक्षण विधेयक लाने पर भी सवाल उठाए। मोदी ने कहा कि श्रीलंका में हमारे मछुआरे भाइयों को फांसी की सजा दी गई थी तो मोदी चुप नहीं बैठा। हर रास्ते का इस्तेमाल किया और दबाव बनाकर सभी मछुआरों को श्रीलंका से फांसी के फंदे से उतारकर वापस लाया।
सेंगोल को किया स्थापित
मोदी ने कहा कि जब दिल्ली में संसद की नई इमारत बनी तो तमिल संस्कृति के प्रतीक, इस धरती के आशीर्वाद स्वरुप पवित्र सेंगोल को हमने नए भवन में स्थापित किया। इन लोगों ने इसका भी बॉयकॉट किया। उन्हें सेंगोल की स्थापना पसंद नहीं आई। डीएमके और कांग्रेस तब भी चुप बैठी रही, जब जल्लीकट्टू पर पाबंदी लगी थी। ये लोग तमिल संस्कृति को नष्ट करना चाहते हैं। हमने जल्लीकट्टू को पूरे उत्साह के साथ मनाए जाने का रास्ता साफ किया।
राममंदिर का भी किया विरोध
पीएम मोदी ने कह कि मैं अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम से पहले यहां आया था। मैंने यहां के प्राचीन तीर्थों के दर्शन किए, लेकिन डीएमके ने अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा समारोह को देखने तक पर रोक लगाने का प्रयास किया था। सुप्रीम कोर्ट को तमिलनाडु सरकार को कड़ी फटकार लगानी पड़ी थी। पीएम ने कहा कि इन लोगों का इतिहास घोटालों का है। इनकी राजनीति का आधार लोगों को लूटने के लिए सत्ता में आना है। हमने ऑप्टिकल फाइबर, 5जी दिया, तो इंडिया गठबंधन के नाम पर लाखों करोड़ का 2जी का स्कैम है। डीएमके उस लूट की सबसे बड़ी हिस्सेदार थी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments