प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 137वें एपिसोड में देशवासियों से संवाद किया। सुबह 11 बजे प्रसारित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने युवाओं को नशे से दूर रखने, देशभक्ति की भावना को मजबूत करने, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण, किसानों की आय और विज्ञान-तकनीक जैसे कई विषयों पर बात की। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने देश के अलग-अलग हिस्सों में स्थानीय स्तर पर किए जा रहे प्रेरक प्रयासों का भी उल्लेख किया।
नशा मुक्त भारत का संकल्प
प्रधानमंत्री मोदी ने ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि यह अभियान देशभर में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि इसका लक्ष्य स्पष्ट है—नशा मुक्त युवा और ड्रग फ्री इंडिया। पीएम ने युवाओं से नशे से दूर रहने और समाज के अन्य लोगों को भी इसके खिलाफ जागरूक करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि नशे की लत का असर केवल एक व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरे परिवार और समाज को इसके दुष्परिणाम झेलने पड़ते हैं। प्रधानमंत्री ने युवाओं, संगीतकारों, छात्रों और थिएटर समूहों से भी नशा विरोधी संदेश को रचनात्मक तरीके से आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
सूर्यपथ तिरंगा का किया जिक्र
पीएम मोदी ने अगस्त महीने में देशभर में दिखाई देने वाली देशभक्ति की भावना का उल्लेख करते हुए ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की चर्चा की। उन्होंने कहा कि इस वर्ष आठ करोड़ से अधिक तिरंगा सेल्फी अपलोड की गईं।
प्रधानमंत्री ने ‘सूर्यपथ तिरंगा’ अभियान का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि इस पहल के जरिए तिरंगा दुनिया के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचा और फिजी की राजधानी सुवा में सूरज की पहली किरण के साथ तिरंगा फहराया गया। उन्होंने इसे देश के प्रति गौरव और वैश्विक स्तर पर भारतीय तिरंगे की यात्रा से जोड़ा।
महिलाओं को पीएम स्वनिधि से नई ताकत
प्रधानमंत्री ने ‘पीएम स्वनिधि योजना’ का उल्लेख करते हुए कहा कि योजना से बड़ी संख्या में महिलाओं को अपने छोटे कारोबार को आगे बढ़ाने में मदद मिल रही है। उन्होंने बताया कि योजना के लाभार्थियों में करीब 46 प्रतिशत महिलाएं हैं और लगभग 35 लाख महिलाएं इससे जुड़ी हैं।
पीएम ने गाजियाबाद की बबीता शर्मा का उदाहरण दिया, जिन्होंने पूजा सामग्री के छोटे स्टॉल से अपना कारोबार शुरू किया था। योजना से आर्थिक मदद मिलने के बाद उन्होंने सामान बढ़ाया और धीरे-धीरे उनका स्टॉल दुकान में बदल गया।
स्वच्छता और किसानों की सफलता की चर्चा
पीएम मोदी ने उत्तर प्रदेश के रामपुर के पटवाई गांव के आकाश और रोहन के स्वच्छता अभियान की भी सराहना की। उन्होंने बताया कि युवाओं की टीम ‘क्लीन-अप पटवाई’ अब तक चार गंगा घाटों की सफाई कर चुकी है और एक टन से अधिक प्लास्टिक कचरा हटा चुकी है।
अमरनाथ यात्रा के दौरान स्वच्छता प्रयासों का जिक्र करते हुए पीएम ने बताया कि इस साल 400 मीट्रिक टन से अधिक कचरा एकत्र कर प्रोसेस किया गया। वहीं, घोड़ों और खच्चरों के गोबर से बायोगैस बनाकर ‘स्वच्छ ज्योत’ प्रज्ज्वलित करने के प्रयोग का भी उन्होंने उल्लेख किया।
किसानों के संदर्भ में प्रधानमंत्री ने आंध्र प्रदेश के कडपा के किसान वरदराज का उदाहरण दिया, जिन्होंने पारंपरिक फसलों के साथ अवाकाडो की खेती शुरू की और करीब चार टन उत्पादन कर स्थानीय बाजार में सीधे आपूर्ति की। इसके अलावा उन्होंने नगालैंड की वेसालु पुरो की फूलों की खेती की सफलता की कहानी भी साझा की।
बेटियों की अंतरिक्ष उड़ान पर बोले पीएम
प्रधानमंत्री ने मिशन ShaktiSAT के दूसरे चरण का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि इस पहल के जरिए 108 देशों की 12 हजार छात्राओं को सैटेलाइट तकनीक और इनोवेशन सीखने का अवसर मिल रहा है। मिशन का लक्ष्य छात्राओं की भागीदारी से तैयार सैटेलाइट को चंद्रमा की कक्षा में भेजने की दिशा में काम करना है।
‘मन की बात’ में पीएम मोदी ने इतिहास को आम लोगों के लिए रोचक बनाने वाली एक वेबसाइट का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि वेबसाइट के जरिए किसी खास वर्ष में भारत के अलग-अलग हिस्सों पर शासन करने वाले शासकों के बारे में जानकारी हासिल की जा सकती है।


