HomeHindi NewsDelhi Newsरमेश बिधूड़ी पर भड़के मनीष सिसोदिया.. संदीप दीक्षित ने आप-भाजपा को घेरा

रमेश बिधूड़ी पर भड़के मनीष सिसोदिया.. संदीप दीक्षित ने आप-भाजपा को घेरा

दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी पर भाजपा नेता रमेश बिधूड़ी के कथित आपत्तिजनक बयान पर आम आदमी पार्टी हमलावर है। वहीं कांग्रेस ने भाजपा और आप को निशाने पर लिया है। कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने कहा कि आप नेता भी ऐसी ही टिप्पणियां किया करते थे।

प्रधानमंत्री को बताना चाहिए कि वे सहमत हैं या नहीं : सिसोदिया

आप नेता मनीष सिसोदिया ने कहा कि यह भाजपा का चरित्र है। महिलाओं, महिला मुख्यमंत्री पर अभद्र टिप्पणी करना भाजपा का चरित्र है। जिस मंच से प्रधानमंत्री दिल्ली की जनता से अपनी सरकार बनाने की अपील कर रहे थे, रमेश बिधूड़ी महिलाओं को गाली दे रहे थे, महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी कर रहे थे। प्रधानमंत्री को बताना चाहिए कि वे उनसे सहमत हैं या नहीं। क्या वह दिल्ली की राजनीति में रमेश बिधूड़ी जैसे व्यक्ति को आगे लाने के लिए वोट मांग रहे हैं?

आशा करूंगा कि भाजपा कुछ कार्रवाई करेगी : दीक्षित

कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने कहा कि रमेश बिधूड़ी पहले भी ये बातें कहते रहे हैं, ये हैरान करने वाला है। सवाल भाजपा से है कि वे एक ऐसे व्यक्ति को उम्मीदवार बनाते हैं जो पहले भी अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर चुका है, जिसकी भाषा पर कोई संयम नहीं है। बिधूड़ी ने प्रियंका गांधी को लेकर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। शाम को उन्होंने मुख्यमंत्री के बारे में ऐसी भाषा का इस्तेमाल कर दिया। आशा करूंगा कि भाजपा कुछ कार्रवाई करेगी। आम आदमी पार्टी को बताना चाहता हूं कि 10-12 साल पहले वे सभी नेताओं पर अभद्र टिप्पणियां करते थे। चाहे वह शीला दीक्षित हों या दूसरे बड़े नेता। वे सारी मर्यादाएं तोडक़र ऐसी भाषा का इस्तेमाल करते थे। आज भाजपा उन पर उसी तरह की संस्कृति थोप रही है। आप को याद रखना चाहिए कि जब आप ऐसी चीजें करते हैं जो राजनीतिक, सार्वजनिक व्यवहार को गिराती हैं, तो उसके दूरगामी परिणाम होते हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments