लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भारत की अर्थव्यवस्था, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ा बयान दिया है। अमेरिका के न्यूयॉर्क स्थित कोलंबिया यूनिवर्सिटी में छात्रों और शिक्षकों के साथ संवाद करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि भारत आर्थिक संकट के मुहाने पर खड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में बड़े पैमाने पर बेरोजगारी है और शिक्षा व्यवस्था भी गंभीर समस्याओं से जूझ रही है। राहुल के इस बयान से देश की राजनीति में एक बार फिर आर्थिक मुद्दों पर बहस तेज होने के आसार हैं।
‘युवाओं को अपना भविष्य नजर नहीं आ रहा’
कोलंबिया यूनिवर्सिटी में कार्यक्रम के दौरान मॉडरेटर लिडिया पोलग्रीन ने राहुल गांधी से भारतीय युवाओं की स्थिति और उनकी चिंताओं को लेकर सवाल किया। इसके जवाब में राहुल ने कहा कि देश के युवाओं में बढ़ती निराशा की सबसे बड़ी वजह यह है कि उन्हें अपने लिए भविष्य की संभावनाएं दिखाई नहीं दे रही हैं।
राहुल गांधी ने कहा, “सीधी बात यह है कि भारत आर्थिक संकट के मुहाने पर खड़ा है। यही हकीकत है। इसे नजरअंदाज किया जा सकता है, मीडिया भी इसे नजरअंदाज कर सकता है, लेकिन भारत में बेरोजगारी की बहुत बड़ी समस्या है। देश की शिक्षा व्यवस्था भी गंभीर समस्याओं से जूझ रही है।”
उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात से निराश युवाओं का एक बड़ा वर्ग मध्यमवर्गीय परिवारों से आता है। इन युवाओं ने औपचारिक शिक्षा भी हासिल की है, लेकिन इसके बावजूद उन्हें रोजगार और बेहतर भविष्य को लेकर अनिश्चितता का सामना करना पड़ रहा है।
माता-पिता की सलाह पर सवाल उठा रही नई पीढ़ी
राहुल गांधी ने युवाओं और उनके माता-पिता के बीच करियर को लेकर बढ़ते मतभेदों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आज की पीढ़ी अपने माता-पिता के अनुभवों और उनके बताए रास्तों पर सवाल उठा रही है।
राहुल के मुताबिक, युवा अपने माता-पिता से कह रहे हैं कि जब आप खुद सफल नहीं हुए और आपके पास नौकरी नहीं है, तो हमें उसी रास्ते पर चलने की सलाह कैसे दे सकते हैं? राहुल ने इसे रोजगार के अवसरों की कमी और भविष्य को लेकर बढ़ती अनिश्चितता से जुड़ी समस्या बताया।
उन्होंने कहा कि युवाओं की निराशा को केवल व्यक्तिगत समस्या मानकर नहीं देखा जा सकता। इसके पीछे रोजगार, शिक्षा और आर्थिक अवसरों से जुड़ी व्यापक चुनौतियां हैं।
वैश्विक हालात से भी जोड़ा भारत का मुद्दा
राहुल गांधी ने अपने संवाद में भारत के हालात को दुनिया के दूसरे देशों में हो रहे घटनाक्रमों से भी जोड़कर देखा। उन्होंने कहा कि अमेरिका, ब्राजील और फ्रांस समेत कई देशों में एक जैसी परिस्थितियां दिखाई दे रही हैं। उनके मुताबिक, इन घटनाओं के पीछे व्यापक वैश्विक आर्थिक ढांचे और उसमें हो रहे बदलावों की भूमिका हो सकती है।
राहुल के बयान पर भाजपा का पलटवार
राहुल गांधी के बयान पर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने उन्हें ‘भारत विरोधी दुष्प्रचार का नेता’ बताते हुए आरोप लगाया कि राहुल विदेश जाकर भारत की अर्थव्यवस्था और लोकतंत्र की छवि खराब कर रहे हैं।
गौरतलब है कि राहुल गांधी दो दिवसीय अमेरिका दौरे पर हैं। न्यूयॉर्क की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में संवाद के बाद उनका 18 नवंबर को शिकागो यूनिवर्सिटी जाने का भी कार्यक्रम है। उनके इस दौरे के दौरान दिए गए बयानों पर भारत में सियासी प्रतिक्रिया जारी रहने की संभावना है।


