HomeHindi Newsभारत को मिली राहत की खबर, बुमराह मैच में रहेंगे उपलब्ध; सिराज...

भारत को मिली राहत की खबर, बुमराह मैच में रहेंगे उपलब्ध; सिराज ने की पुष्टि

इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर में होने वाले चौथे टेस्ट मैच से पहले भारतीय टीम के लिए एक बड़ी राहत की खबर सामने आई है। टीम के प्रमुख तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह इस महत्वपूर्ण मुकाबले के लिए उपलब्ध रहेंगे। यह पुष्टि तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने की है, जिससे भारतीय खेमे में आत्मविश्वास बढ़ा है।

भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी का चौथा टेस्ट 23 जुलाई से ओल्ड ट्रैफर्ड में शुरू होगा। मौजूदा सीरीज में भारत 1-2 से पीछे चल रहा है और ऐसे में बुमराह की मौजूदगी टीम के लिए बेहद अहम होगी। बुमराह को वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत इस सीरीज के कुछ मैचों से आराम दिया गया था, लेकिन अब जब सीरीज दांव पर है, तो उनकी उपलब्धता टीम के लिए गेम-चेंजर साबित हो सकती है।

सोमवार (21 जुलाई) को मीडिया से बातचीत करते हुए मोहम्मद सिराज ने कहा, “जस्सी भाई (बुमराह) तो खेलेंगे, यही हमें पता है।” उन्होंने यह भी बताया कि टीम की संयोजन चोटों के कारण बदलता रह रहा है, लेकिन बुमराह की उपलब्धता से गेंदबाजी आक्रमण को मजबूती मिलेगी।

गौरतलब है कि भारतीय टीम चोटों से जूझ रही है। तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह हाथ में चोट के कारण चौथे टेस्ट से बाहर हो गए हैं, जबकि आकाश दीप भी ग्रोइन इंजरी से जूझ रहे हैं। ऐसे में बुमराह का फिट होकर खेलना भारतीय टीम के लिए एक बड़ी राहत है। बुमराह ने इस सीरीज में अब तक दो टेस्ट खेले हैं और शानदार प्रदर्शन करते हुए 12 विकेट झटके हैं।

भारतीय टीम ओल्ड ट्रैफर्ड में वापसी करने और सीरीज को 2-2 से बराबर करने की उम्मीद कर रही है। बुमराह की वापसी से टीम के गेंदबाजी आक्रमण को धार मिलेगी और वे इंग्लिश बल्लेबाजों पर दबाव बनाने की कोशिश करेंगे। अब देखना होगा कि भारतीय टीम इस अहम मैच में कैसा प्रदर्शन करती है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments